मकर संक्रांति पर्व पर प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को बधाई दी

मकर संक्रांति पर्व पर प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को बधाई दी

नई दिल्ली | हिन्दुओं के प्रमुख पर्व मकर संक्राति के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवाशियों को बधाई देते हुए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैंI
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर अलग-अलग भाषाओं में कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर लोगों को मेरी हार्दिक बधाई I पूरे देश में मकर संक्रांति का पर्व अलग-अलग रूप में मनाया जा रहा है। यह पर्व आप सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए I
अपने अलग-अलग ट्वीट सन्देश में प्रधानमंत्री मोदी ने दक्षिण भारत की जनता को पोंगल और भोगी पर्व की, असम की जनता को बिहू पर्व की और गुजरात की जनता को उत्तरायण पर्व के लिए भी अपनी शुभकानाएं दी I
जानकारी हो कि मकर संक्रांति का पर्व पूरे देश में मनाया जा रहा है। अबकी बार यह पर्व दो दिनों तक मनाया जायेगा I हिन्दुओं का प्रमुख पर्व मकर संक्रान्ति पौष मास में, सूर्य के मकर राशि में आने पर मनाया जाता है। इसी दिन सूर्य, धनु राशि को छोड़ मकर राशि में प्रवेश करता है। मकर संक्रान्ति के दिन से ही सूर्य की उत्तरायण गति प्रारम्भ होती है। हिन्दू धर्म में उत्तरायण को देवताओं का दिन अर्थात सकारात्मकता का प्रतीक माना गया है। इसीलिए इस दिन दान, स्नान, तर्पण आदि धार्मिक क्रियाकलापों का विशेष महत्व है। मकर संक्रान्ति के अवसर पर गंगास्नान एवं गंगातट पर दिए गए दान को अत्यन्त शुभ माना गया है। गुरुवार से हरिद्वार में अर्धकुंभ शुरू होने की वजह से अबकी बार मकर संक्राति का विशेष महत्व बन गया है I इसी कारण देश के अंदर गंगा सहित अन्य पवित्र नदियों के तटों पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या गुरुवार सुबह से ही पहुंचने लगी थी I

Next Story