चुनाव में विजयी होगा मैहर का विकास: शिवराजसिंह चौहान
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मैहर का चुनाव विकास का चुनाव है और विकास ही विजयी होगा। मैहर को देश का स्मार्ट सिटी बनाया जायेगा। मैहर का विकास मॉडल अनुकरणीय होगा। मैहर के विकास में कांग्रेस को यदि पेट में दर्द होता है तो हम क्या कर सकते है ? मैहर के स्टेडियम में आयोजित विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मैहर क्षेत्र में लंबे समय से किसानों की सिंचाई की मांग रही है। इसे पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने बरगी और बाणसागर में उपलब्ध पानी लाने की कोशिश पर विचार किया लेकिन नहरों से जल लाना संभव नहीं है इसलिए पाइप लाइनों के जरिए पानी लाया जायेगा। जिसे किसान पाइप के जरिए अपने खेतों तक पहुंचाकर सूखी खेती को हरी भरी बनायेंगे और मैहर क्षेत्र में नया हरियाणा और पंजाब विकसित होगा। उन्होंने कहा कि जो कहीं नहीं हुआ वह मैहर के विकास के लिए किया जायेगा और मैहर विधानसभा क्षेत्र के विकास का मॉडल देश में अनुकरणीय बनेगा।
साढ़े चार हजार करोड़ रुपए की राहत किसानों को बांटी गयी
पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बहुमत लाने और उन्हें प्रधानमंत्री बनाने के लिए सतना संसदीय क्षेत्र चुनाव जीतना आवश्यक समझा गया। नारायण प्रसाद त्रिपाठी की सेवाएं सतना संसदीय क्षेत्र में चुनाव विजयी होने के लिए ली गयी और उन्होंने प्राणपण से जुटकर मैहर क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याषी (संसदीय) क्षेत्र प्रत्याशी को विजयी बनाने में पूरी ताकत लगा दी और गणेश सिंह विजयी हुए। केन्द्र में बहुमत के साथ नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ। नारायण प्रसाद त्रिपाठी के योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है। कार्यकर्ता सारे मतभेद भुलाकर उन्हें विजयी बनायेंगे। नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी और शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के किसान तकलीफ में अकेला महसूस नहीं करेंगे। फसल बिगडऩे पर उन्हें करोड़ों रू. की राहत राषि भेंट की गयी है। कांग्रेस के समय में जो राशि दहाई में रहती थी वह हर किसान को न्यूनतम 2 हजार रू. तक दी गयी है। कांग्रेस को किसानों को राहत दिए जाने के संबंध में सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है। नंदकुमार सिंह चौहान ने मैहर की जनता, किसानों और मतदाता बहनों भाईयों से आग्रह किया कि वे 13 फरवरी को नारायणप्रसाद त्रिपाठी के समर्थन में कमल का निशान दबाकर पार्टी को विजयी बनाए और मैहर क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करें।
मैहर सामाजिक समरसता और विकास का बेजोड़ मॉडल बनेगा
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मैहर माता की प्रेरणा से इस क्षेत्र के विकास का संकल्प लौह संकल्प में बदला है और नारायण प्रसाद त्रिपाठी को भी उसी प्रेरणा से पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है क्योंकि मैहर के विकास की जो तड़प और ललक नारायण प्रसाद त्रिपाठी में मुझे दिखायी दी उससे मेरा हौसला बढ़ा मैंने उनसे कहा था कि वे तत्काल विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा न दें।
मैहर का विकास करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता लेने का इरादा किया। उनके प्रस्ताव का सम्मान करते हुए उन्हें पार्टी में सदस्यता दी गयी और प्रत्याशी बनाया गया। सब कुछ मां शारदा की प्रेरणा से हुआ है। जनता मैहर के विकास की खातिर श्री नारायण प्रसाद त्रिपाठी को विजयी बनाकर इस क्षेत्र के विकास में अपना योगदान करेगी।