चन्द्रमा को अघ्र्य देकर मांगी पति की दीर्घायु
ग्वालियर, न.सं.। अखण्ड सुहाग का प्रतीक करवा चौथ का पर्व शहर में बुधवार को मनाया गया। पति की दीर्घायु के लिए दिन भर निर्जल व्रत रखकर रात को चन्द्र दर्शन तथा अघ्र्य सुहागिनों ने उपवास खोला। नव विवाहिताओं ने खासकर इस पर्व को अपने-अपने अंदाज में मनाया। वहीं कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक पूजा-अर्चना भी की।
बुधवार की रात को छत पर महिलाएं चांद निकलने का इंतजार करती नजर आईं। काफी इंतजार के बाद रात करीब 8 बजकर 42 मिनट पर चन्द्रदेव के दर्शन हुए। जब रात को चांद निकला तो सभी घरों की छतों पर मेले जैसा माहौल दिखाई दिया। हल्दी, रोली, चावल, सिंदूर और चूडिय़ों से सजी थालियों को लेकर सभी सुहागिनें छत पर पहुंचीं। छलनी से पहले चांद और फिर अपने पति के चेहरे का दीदार किया। पति के हाथों पानी पीकर आशीर्वाद लिया और व्रत खोला। इस दौरान पतियों ने अपनी गृहलक्ष्मी को खुश करने के लिए उपहार भी भेंट किए।
वीडियो कॉलिंग कर देखा पिया का चेहरा
आधुनिकता ने दूर रह रहे लोगों को मिलाने का कार्य भी सहजता से पूरा किया है। जिन स्त्रियों के पति उनके साथ नहीं थे, उन्होंने मोबाइल पर वीडियो कॉलिंग के माध्यम से अपने पति का दीदार किया। कुछ महिलाओं ने बताया कि उनके पति काम के सिलसिले में शहर से बाहर गए हुए हैं। काम की व्यस्तता के कारण वे करवा चौथ पर घर नहीं आ पाए, इसलिए इस बार उन्होंने वैब-कैम की सहायता से अपने पति को देखकर व्रत खोला।
सामूहिक करवा चौथ का हुआ पूजन
पंजाबी परिषद समिति ने बुधवार को सनातन धर्म मंदिर में करवा चौथ का सामूहिक पूजन किया। करवा चौथ की सामूहिक पूजा आचार्य गिर्राज शरण गुरुजी के आशीर्वा से शशि शर्मा और ममता शर्मा ने सम्पन्न कराई, जिसमें 18 नवविवाहित महिलाओं सहित कुल 156 सुहागन महिलाओं ने करवा चौथ का पूजन किया। इस अवसर पर मुख्य सलाहकार मधु भारद्वाज, प्रमिला मारवाह, शम्मी आनंद और नवीन मिड्ढा उपस्थित थे।