पुराने ढर्रे पर चल रहा ईसागढ़ डाक घर

परेशान डाक उपभोक्ता काट रहे चक्कर

अशोकनगर। भारतीय डाक सेवा में सुधार के अनेकों प्रयासों के बाद भी ईसागढ़ के डाक घर का ढर्रा नही सुधर रहा है। डाक घर से जुड़े उपभोक्ताओं को समय पर सुविधाओं का लाभ नही मिल पा रहा है। जिससे परेशान उपभोक्ता पोस्ट ऑफिस की व्यवस्थाओं से त्रस्त हो गए हैं। ईसागढ़ पोस्ट ऑफिस से जुड़े उपभोक्ताओं का कहना है कि डाक घर में उन्होंने विभिन्न बैंकिंग योजनाओं के तहत राशि जमा कराई थी। उक्त योजनाओं की समयावधि पूरी होने के बाद भी डाक घर से उपभोक्ताओं को जमा राशि नही लौटाई जा रही है। जिससे उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि विगत 15 दिन से तो डाक घर समय पर ही नही खुल रहा है। इस डाक घर की जिम्मेदारी संभाल रहा स्टाफ गुना व अशोकनगर से अप-डाउन करके ड्यूटी कर रहा हैं। इस कारण डाक घर निर्धारित समय प्रात: 9 बजे नही खुल पाता है। कई बार तो डाक घर 11 बजे के बाद ही खुल पाता है। उपभोक्ता अपने काम काज कराने के लिए घण्टों तक डाक घर के ही चक्कर काटते रहते हैं। यही नही डाक से समय पर चि_ी-पत्री आदि भी मुकाम तक समय पर नही पहुंच पा रही है। जबकि भारतीय डाक सेवा ने आधुनिकता के समय में बैंकिंग कार्य को कोर बैंकिंग और डाक सेवा को स्पीड पोस्ट सुविधा से भी जोड़ दिया है। इसके बावजूद ईसागढ़ नगर ही नही बल्कि सम्पूर्ण क्षेत्र में डाक सुविधाओं के हाल बुरे बने हुए हैं।

Next Story