जेएनयू की घटना के विरोध में भाजपा ने मनाया धिक्कार दिवस
राष्ट्र के विखंडन की हरकतें निंदनीय
ग्वालियर । लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन पर आतंकी हमले के सरगना अफजल की बरसी पर भारत की बर्बादी और कश्मीर की आजादी तक जंग लडऩे के शैतानी नारे लगाने वालों को शह देकर राहुल गांधी इसे यदि अभिव्यक्ति की आजादी बताते हुए अपनी रगों में देश भक्ति का खून बहने का दावा करते हैं तो यह उनकी राष्ट्रद्रोही निंदनीय हरकत है। असहमति, विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र में जायज हैं, राष्ट्रद्रोह की आजादी नहीं दी जा सकती है। यह बात भाजपा नेताओं ने रविवार को मंडल स्तर पर आयोजित धिक्कार दिवस कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कही। भाजपा ने मंडलों में रविवार को धरना प्रदर्शन, सभाएं, मशाल जुलूस एवं जनजागरण यात्रा कार्यक्रम आयोजित किए थे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जेएनयू के अध्यक्ष कन्हैया ने अफजल गुरु, मकबूल भट्ट की न्यायिक हत्या बताकर नौजवानों के दिमाग में जहर घोलने की निंदनीय हरकत की और राहुल गांधी उसकी ढाल बनकर गरजते हैं। इसे न तो बौद्धिक आजादी कहा जा सकता है और न ही शैक्षिक स्वतंत्रता कहा जा सकता है। यह विशुद्ध रूप से भारत की जिजीविषा को कमजोर करने का षडय़ंत्र है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। इसे शैक्षिक परिसर की बौद्धिकता बताकर देश को गुमराह नहीं किया जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी इसका पुरजोर विरोध कर जनता की अदालत में पहुंचेगी।
इसी क्रम में कोटेश्वर मंडल द्वारा बहोड़ापुर मैन बाजार में मशाल जुलूस निकाला गया, जहां मुख्य वक्ता के रूप में बृजेन्द्र सिंह जादौन उपस्थित थे। रानी लक्ष्मीबाई मंडल ने घासमंडी से किलागेट तक मशाल जुलूस निकाला गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अध्यक्ष अभय चौधरी थे। वीर दुर्गादास राठौर मंडल ने हजीरा चौराहे पर धरना दिया। मुख्य वक्ता रविन्द्र सिंह राजपूत थे। शहीद भगत सिंह मंडल ने सब्जी मंडी चौराहा मुरार में विरोध प्रदर्शन किया। मुख्य वक्ता भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा थे। स्वामी रामकृष्ण मंडल ने विवेकानंद चौराहा थाटीपुर पर धरना दिया। मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह थे। वीर सावरकर मंडल ने नाका चंद्रवदनी में जनजागरण यात्रा निकाली। मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह थे। स्वामी विवेकानंद मंडल ने शिन्दे की छावनी चौराहे पर धरना दिया। मुख्य वक्ता वेदप्रकाश शर्मा थे। शहीद हेमू कालानी मंडल ने हेमू कालानी चौक महाराज बाड़ा पर धरना दिया। मुख्य वक्ता साडा अध्यक्ष राकेश जादौन थे। पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने जवाहार कॉलोनी कम्पू पर धरना दिया। मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ल थे।