चिकित्सकों की कमी, एक्सरे मशीन भी खराब
पत्रों का जवाब नहीं दे रहे अधिकारी
ग्वालियर। शासकीय चिकित्सालयों में मरीजों को उपचार कराने के लिए कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसका एक ताजा उदाहरण उपनगर ग्वालियर में किला रोड स्थित सिविल अस्पताल है, यहां ना तो मरीजों को उपचार देने के लिए पर्याप्त चिकित्सक हैं और जो चिकित्सक यहां हैं वह भी अधिकतर गायब रहते हैं।
सिविल अस्पताल में लगभग 40 दिनों से एक्सरे मशीन खराब पड़ी हुई हैं, जिसके कारण मरीजों को या तो जिला अस्पताल में एक्सरे कराने के लिए जाना पड़ रहा है या फिर निजी एक्सरे केन्द्र पर। एक्सरे मशीन खराब होने की सूचना सिविल अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों को कई बार पत्र द्वारा दीजा चुकी है। लेकिन आज तक समस्या का निराकरण नहीं हुआ।
आदेश भी हवा में
सिविल अस्पताल में मरीजों की परेशानियों को देखते हुए डॉ. सीमा जायसवाल को डॉ. एस.के. श्रीवास्तव के अवकाश पर चले जाने के बाद सिविल अस्पताल में जाने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा लगभग चार दिन पहले एक पत्र जारी किया गया था, लेकिन स्वास्थ्य अधिकारियों के आदेश के बाद भी डॉ. जायसवाल आज तक वहां नहीं पहुंचीं
''डॉ. सीमा जायसवाल का आदेश तो आया था, लेकिन आज दिन तक उन्होंने अस्पताल में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है, जिसकी सूचना मैने सिविल सर्जन को आज ही भेजी है।
डॉ. प्रशांत नायक
चिकित्सा अधिकारी
'' यदि डॉ. सीमा जायसवाल ने अस्पताल में उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है तो उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। एक्सरे मशीन का सामान मुम्बई से आना है, इसलिए फिलहाल मशीन बंद हैं, जल्द से जल्द मशीन को ठीक करवा दिया जाएगा।
डॉ. डी.डी. शर्मा
सिविल सर्जन