चालीस रुपए किलो बिकेगी शक्कर!
ग्वालियर। गर्मियों की दस्तक के साथ शक्कर के दामों में तेजी आना शुरू हो गई है। बाजार में इस समय शक्कर 36 से 38 रुपए किलो बिक रही है। जबकि थोक बाजार में शक्कर का भाव 3550 रुपए क्विंटल है। शक्कर कारोबारियों के अनुसार आने वाले दिनों में शक्कर चालीस रुपए किलो तक बिक सकती है। उल्लेखनीय है कि दिसम्बर अंत तक शक्कर का भाव 25 से 26 रुपए किलो था, जो आज बढ़कर 37 रुपए किलो हो गया है। इस प्रकार से एक किलो शक्कर पर दस रुपए से अधिक की तेजी आ गई है। शक्कर के दामों में तेजी आने से बाजार में इसके खरीदार कम हो गए हैं।
यह कारण है शक्कर महंगी होने के
* शक्कर मिलों के टेण्डरों में 100 से 150 रुपए की तेजी।
* होली का त्यौहार।
* अंतरर्राष्ट्रीय बाजार में शक्कर का दाम बढऩा।
* गर्मियों में पेय पदार्थों में लस्सी, शिकंजी आदि में शक्कर का उपयोग बढऩा।
* कोल ड्रिंक्स बनाने वाली कम्पनियों द्वारा शक्कर की मांग बढऩा।
* सटोरियों द्वारा शक्कर के दामों को हवा देना।
इन्होंने कहा
'शक्कर के दामों में तेजी बनी हुई है। अगर यह इसी तरह कायम रही तो इसके दाम 40 रुपए किलो तक जा सकते हैं।'
मनीष बांदिल
शक्कर कारोबारी