जवाहरबाग हिंसा: रामवृक्ष यादव का करीबी शूटर चंदन बोस गिरफ्तार
जवाहरबाग हिंसा: रामवृक्ष यादव का करीबी शूटर चंदन बोस गिरफ्तार
नई दिल्ली। मथुरा के जवाहरबाग कांड के खलनायक रामबृक्ष यादव के मुख्य सलाहकार चंदन बोस को बस्ती पुलिस ने बुधवार को उसकी पत्नी के साथ एक गांव से दबोच लिया। वह परसरामपुर थाने के कैथवलिया गांव में पहचान छिपा कर रह रहा था। इस गांव में उसकी ससुराल है। सूचना है कि पुलिस ने उसके साले को भी हिरासत में ले लिया है। चन्दन की गिरफ़्तारी से कई रहस्यों के खुलासे की उम्मीद है।
बस्ती पुलिस के अनुसार जवाहरबाग में 2 जून को हुई गोलीबारी में फरह थाने के एसओ संतोष यादव को एके 47 से गोली मारने के मामले में रामबृक्ष यादव के साथ उसका खास सलाहकार चंदन बोस, गिरीश यादव और राकेश गुप्ता मुख्य आरोपी हैं। इन तीनों की तलाश में पुलिस दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों की खाक छान रही है। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को बस्ती क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने चंदन बोस को परसरामपुर गांव से पत्नी पूनम समेत पकड़ लिया।
कैथवलिया निवासी पूनम के पिता हरियाणा में परिवार के साथ रहते थे। तीन वर्ष पहले पूनम का संबंध हरियाणा में पश्चिम बंगाल के चंदन बोस से हुआ। वहीं दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। ढाई वर्ष पहले चंदन बोस रामबृक्ष यादव के संपर्क में आया और जल्दी ही उसका करीबी बन गया। जवाहरबाग में कब्जा कर समानान्तर सरकार चलाने वाले रामवृक्ष के कागज पत्र और रुपयों के हिसाब वगैरह का जिम्मा चंदन बोस पर ही था।