चेम्बर में ‘संवाद नीतीश के साथ’ कार्यक्रम कल
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यसभा सांसद प्रभात झा आएंगे
ग्वालियर| सामाजिक संस्था तिरहुत जन कल्याण परिषद द्वारा 11 फरवरी रविवार को अपरान्ह तीन बजे से चेम्बर आॅफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के माधवराव सिंधिया सभागार में ‘संवाद नीतीश के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे। अध्यक्षता राज्यसभा सांसद प्रभात झा करेंगे। बिहार सरकार के प्रमुख सचिव अंजनी कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी संस्था के अध्यक्ष राजेन्द्र ठाकुर, महासचिव बच्चन बिहारी एवं कोषाध्यक्ष भागीरथ शर्मा ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। संस्था के महासचिव बच्चन बिहारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में ग्वालियर शहर में निवासरत बिहारी समाज ‘पूर्वांचल, मिथिलांचल, भोजपुरी’ समाज के लोग उपस्थित रहेंगे, जिनसे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीधा संवाद करेंगे। इस अवसर पर संस्था की ओर से नीतीश कुमार को अभिनंदन पत्र भेंट किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षाविद् डॉ. महेश मिश्र, समाजसेवी शुभनारायण झा, शिक्षाविद् डॉ. एस.एम. झा, एम.एम. अंसारी, यशवंत झा, हलधर प्रसाद चौधरी, सुरेश सिंह, एस.एन. मिश्र एवं विकलांग बैडमिंटन खिलाड़ी आदि नौ लोगों का सम्मान किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष राजेन्द्र ठाकुर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बिहारी समाज को संगठित करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से विशेष रूप से यह आग्रह किया जाएगा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने और रोजगार के साधन बढ़ाने के प्रयास किए जाएं, ताकि शिक्षा व रोजगार की दृष्टि से बिहार से बाहर अन्य राज्यों में रह रहे बिहारी समाज के लोग बिहार में ही रह सकें। पत्रकार वार्ता में मिथिला सरस्वती पूजा समिति के संयोजक शुभनारायण झा, भोजपुरी समाज के संभागीय अध्यक्ष एम.एम. अंसारी एवं यशवंत झा भी उपस्थित थे।