नायडू ने खारिज किया महाभियोग प्रस्ताव सीजेआई दीपक मिश्रा के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव

नई दिल्ली। विपक्षी दलों की ओर से प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव को राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने खारिज कर दिया है। एक ओर दीपक मिश्रा को बड़ी राहत मिली है तो दूसरी ओर कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। जानकारी के मुताबिक 71 में से 7 रिटायर्ड सांसदों के हस्ताक्षर की वजह से इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया।
आपको बता दें कि नायडू अपनी चार दिन की छुट्टी रद्द कर रविवार को दिल्ली पहुंचे थे और महाभियोग के नोटिस पर विचार विमर्श किया था। नायडू ने रविवार को लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप, पूर्व विधि सचिव पी के मल्होत्रा, पूर्व विधायी सचिव संजय सिंह और राज्यसभा सचिवालय के अधिकारियों से विचार विमर्श किया था। माना जा रहा है कि वेंकैया नायडू द्वारा महाभियोग के नोटिस को नामंजूर करने के बाद अब कांग्रेस फैसले को कोर्ट में चुनौती दे सकती है।