बोफा ने ली 300 से ज्यादा की लोगों की जान

Update: 2012-12-06 00:00 GMT

मनीला।  फिलीपींस में इस वर्ष के सबसे शक्तिशाली तूफान बोफा के कारण आई भयानक बाढ और बडे पैमाने पर हुए भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या बढकर बुधवार को लगभग 300 हो गई। इस बीच कई लोग लापता भी हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बोफा की तूफानी हवाएं 120 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मंगलवार तडके देश के तटीय हिस्सों में पहुंचीं और जबरदस्त तबाही मचाई। प्रचंड तूफान की वजह से कई पेड उखड गए, घरों को नुकसान पहुंचा और बडे पैमाने पर भूस्खलन हुआ जिसके कारण 283 लोगों की मौत हो गई। देश के गृहमंत्री ने बताया कि इस भयानक प्राकृतिक आपदा में कई परिवार उजड गए और 300 से ज्यादा लोग लापता हैं। दूसरी ओर सैन्य और आपदा प्रबंधन एजेंसी के आधिकारियौं ने अब तक 283 लोगों के मारे जाने की खबरों की पुष्टि भी कर दी है। इस भयानक आपदा के बाद बरबादी की व्यापकता के प्रभाव में घरेलू वायुसेवा भी बुधवार को बाधित रही। प्रलयंकारी तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित देश के दक्षिणी मिनदानाओ इलाके के काम्पसटेला वैली प्रांत के गर्वनर आर्थर यूई ने बताया कि तूफान के कारण हुई जबरदस्त बरसात में पहाडी ढलानों से पानी के साथ बडी मात्रा में मलबा बहकर आया और उसने घरों, स्कूल की इमारतों और अन्य इमारतों को ढहा दिया जहां स्थानीय निवासियों ने शरण ली हुई थी। केवल इसी प्रांत में इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आकर 160 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा दवाओ ओरियंटल प्रांत में भूस्खलन की चपेट में आकर 110 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। उन्होंने बताया कि पानी अप्रत्याशित रूप से इतनी तेज गति के साथ आया कि बडी संख्या में लोगों की जानें गई और मकान इत्यादि नष्ट हो गए। इस दौरान हवाओं का वेग भी प्रचंड था। उल्लेखनीय है कि हर वर्ष लगभग 20 चक्रवात फिलीपींस से टकराते हैं और इनकी वजह से जानमाल का नुकसान भी काफी होता है। वाशी तूफान की वजह से पिछले वर्ष मिनदानाओ में 1500 लोगों की मौत हो गई थी।


Similar News