भारत द्वारा म्यामांर में सड़कों, पुलों का निर्माण

Update: 2012-12-08 00:00 GMT

नई दिल्ली |  सड़क, रेल और समुद्र मार्ग से जोड़कर एशिया को एक करने का सिद्धांत अब आकार ले रहा है। पड़ोसी देश म्यांमार में राजमार्गो और पुलों का निर्माण कर भारत इस दिशा में सहयोग कर रहा है। विदेश सचिव रंजन मथाई ने कहा कि भारत ने म्यांमार में तामू से कलेवा राजमार्ग पर 71 नए पुल बनाने का प्रस्ताव दिया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय का एक दल इस परियोजना के संदर्भ में म्यांमार के दौरे पर है। 'इंडिया इंटरनेशनल सेंटर' में फिल्म 'हाईवे टू द एशियन सेंचुरी' की विशेष प्रस्तुति के दौरान मथाई ने कहा कि भारत, म्यांमार में कलेवा-यार्गी मार्ग बनाने में भी मदद कर रहा है। समारोह के मुख्य अतिथि मथाई ने कहा, "एशियाई देशों के बीच सड़क, रेल और समुद्री मार्ग द्वारा रिश्ता करीब हो रहा है। भारत पूर्व, दक्षिण और मध्य एशिया के बीच की कड़ी है।" सुहास बोरकर द्वारा निर्मित इस फिल्म का प्रदर्शन, 10  सदस्यीय आशियान के साथ भारत के सम्बंधों के 20वें वर्ष उपलक्ष्य में 20-21 दिसम्बर को नई दिल्ली में प्रस्तावित आशियान-भारत स्मृति शिखर सम्मेलन के पहले किया गया है। 

Similar News