मुख्यमंत्री की आत्मीयता के साथ प्रचार समाप्त

Update: 2012-06-11 00:00 GMT

भोपाल, ब्यूरो
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार प्रात: महेश्वर के केराखेड़ी ग्राम में चुनाव प्रचार अभियान का समापन करते हुए किसानों, खेतिहर मजदूर से आत्मीय चर्चा करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि मध्यप्रदेश में सिंचाई का रकवा 7 लाख हैक्टेयर से बढ़ाकर 22 लाख हैक्टेयर किया जा चुका है। अगले वर्ष से गांवों में 24 घंटे बिजली की गुणवत्तापूर्ण पूर्ति की जाएगी। फसल कर्ज 1 प्रतिशत ब्याज पर देने के साथ फसल पर रोग-व्याधि के समय उदारतापूर्वक क्षतिपूर्ति की व्यवस्था की गई है। उन्होनें कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार का एक सूत्रीय कार्यक्रम किसान को खुशहाल बनाना और मेहनतकश को सामाजिक, आर्थिक कवच सुनिश्चित करना है। प्रदेश में 8  वर्षों में जितना प्रगति का काम हुआ है, कांगे्रस ने उतना काम 5 दशकों में भी नहीं किया है। राज्य सरकार का खजाना किसानों, गांवों, गरीबों, मजदूरों के लिए खुला हुआ है। महेश्वर उपचुनाव में राजकुमार मेव की विजय क्षेत्रीय विकास की विजय होगी। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रभात झा, राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक एवं सांसद भी उपस्थित थे। शिवराज सिंह चौहान ने क्षेत्रीय जनता से आग्रह किया कि वे कांगे्रस के झांसे में गुमराह न हो। भारतीय जनता पार्टी के पास जहां क्षेत्रीय विकास का एजेंडा है वहीं कांगे्रस के पास कोरे नारे, घोषणाएं और चरित्रहनन का पैगाम है।
प्रदेश की जनता ने कांगे्रस को 2003 के विधानसभा चुनाव और 2008  के विधानसभा चुनाव में कांगे्रसी शासन की निष्क्रियता के कारण खारिज कर दिया है। अब कांगे्रस के पास मारो और भागो की राजनीति रह गई है। जनता इसे हरगिज स्वीकार नहीं करेगी और 12 जून के मतदान में कांगे्रस को खारिज कर अपना फैसला ईव्हीएम मशीन में बंद कर देगी।

Similar News