मंगलयान के 100 दिन पूरे

Update: 2014-02-12 00:00 GMT

नई दिल्ली। भारत का पहला अंतरग्रहीय मिशन मंगलयान आज अपने 100 दिन पूरे करने वाला है। रवाना होने के बाद से मिशन मंगलयान मंगल की ओर पूर्वयोजना के तहत बढ़ रहा है। यह सामान्य रूप से काम कर रहा है। इस संबंध में, इसरो ने एक बयान में कहा कि सभी मानकों पर यान पूरी तरह ठीक है। यह यान अपने पेलोड के साथ पृथ्वी से 16 मिलियन किलोमीटर की दूरी पर है। इस दूरी पर होने के कारण यान से संचार संपर्क में एक ओर से 55 सेकंड का समय लगता है।
अप्रैल, अगस्त और सितंबर में ट्रांस मार्स इंजेक्शन किया जाएगा। भारत चंद्रमा पर अपना दूसरा अंतरिक्ष यान चंद्रयान-2 वर्ष 2016 में भेजेगा।
उन्होंने बताया कि यदि सब कुछ योजनानुसार रहा तो अगले 240 दिन में यह यान पृथ्वी से 490 मिलियन किमी दूर होगा और 24 सितंबर को इस यान को मंगल ग्रह की कक्षा में प्रवेश कराया जाएगा। 11 दिसंबर 2013 को इसका पहला कक्षा उन्नयन किया गया था और कुल छह कक्षा उन्नयन किया जा चुका है। गौरतलब है कि इस मंगलयान को पीएसएलवी-सी-25 से पांच नवंबर को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से रवाना किया गया था। यान 1680 मिलियन किमी दूरी का सफर करेगा तथा अब तक 190 मिलियन किमी की दूरी तय कर चुका है। 

Similar News