नई दिल्ली। संस्थापक-सदस्य योगेंद्र यादव को आधी रात के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद से ही इसके सदस्यों का प्रदर्शन जारी है। बुधवार को इसके सदस्यों ने संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया। योगेंद्र और स्वराज अभियान के अन्य 91 सदस्यों को मंगलवार रात करीब एक बजे गिरफ्तार किया गया, जब वे जंतर-मंतर पर भूमि विधेयक और फसल के नुकसान से प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे।
योगेंद्र और कार्यकर्ताओं को संसद मार्ग थाना ले जाया गया है। योगेंद्र के सहयोगी अनिल कुमार मौर्य ने बताया, हम योगेंद्र यादव की गिरफ्तारी के बाद रात दो बजे से पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हमें नहीं पता कि क्या चल रहा है। पुलिस ने हमें कुछ नहीं बताया। अनिल ने कहा कि उन्होंने रैली के बारे में दिल्ली पुलिस आयुक्त को सूचित किया था और उन्होंने कहा था कि वे रैली कर सकते हैं।
यादव ने दिल्ली पुलिस पर दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने मंगलवार सुबह एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, मेरे साथ दुर्व्यवहार हुआ, मुझे पीटा गया, घसीटा और धकेला गया और संसद मार्ग पुलिस थाने में गिरफ्तार किया गया।
आधरभूत संरचनाओं से जुडी परियोजनाओं के लिए कृषि भूमि के अधिग्रहण के तरीके में परिवर्तन लाने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान के किसानों के प्रदर्शन का नेतृत्व करने के दौरान यादव को गिरफ्तार किया गया था।