मुठभेड़ में गोली मारकर पकड़ा गया इनामी डकैत मोहरू बंजारा

Update: 2015-08-13 00:00 GMT

शिवपुरी। जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में ग्राम इमलिया के निकट पुलिस और 30 हजार रुपये के ईनामी डकैत मोहरू बंजारा के बीच मुठभेड़ हो गई। बुधवार की सुबह लगभग 5 बजे हुई इस मुठभेड़ में डकैत मोहरू बंजारा के पैर में गोली लगी और वह भागने का प्रयास कर रहा था कि तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गोली से घायल डकैत को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां पुलिस अभिरक्षा में डकैत का उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बीते लंबे समय से नरवर और उसके आसपास के इलाकों में डकैत मोहरू बंजारा व उसके सदस्यों की गतिविधियों की सूचना पुलिस को लगी थी। कुछ दिन पहले पुलिस ने मेहरू बंजारा गिरोह के एक सदस्या को पकड़ा था। पकड़े गए सदस्य से डकैत गिरोह की लोकेशन व अन्य पूछताछ की। पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि तभी  बुधवार की सुबह थाना सुभाषपुरा के निकट डकैत मेहरू बंजारा से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में पुलिस की एक गोली डकैत मोहरू के पैर में जा लगी। इस बीच वह भागने का प्रयास कर रहा था कि तभी पुलिस ने उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया। 30 हजार रूपये के ईनामी इस डकैत को तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय शिवपुरी लाया गया और यहां पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार किया जा रहा है।
मिली बड़ी सफलता
इस मामले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता अर्जित की है। इस डकैत को पकडऩे के लिए पिछले कई समय से पुलिस जंगलों में सर्चिंग कर रही थी। इस डकैत द्वारा राजस्थान और मध्यप्रदेश के खासतौर से सुभाषपुरा, सतनबाड़ा व नरवर क्षेत्र में डकैती गतिविधियां की जा रही थी। मोटर साइकिल चालकों को लूटना, ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उत्पात मचाने और धमकाने की सूचनाएं पुलिस को मिल रही थीं। सूचनाओं पर पुलिस भी जंगलों में सर्चिंग के लिए उतरी थी।

इनका कहना है

मुखबिर ने सूचना दी थी कि डकैत मोहरू बंजारा इमलिया इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से डेरा डाले हुए है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर वहां दबिश दी उस दौरान मोहरू बंजारा व उसके अन्य चार साथियों ने पुलिस पर गोलियां चलाईं। बचाव में पुलिस ने भी जबाबी गोलीबारी की जिससे मोहरू बंजारा घायल हुआ। पुलिस की इस मुठभेड़ में उसके साथी भाग गए।  6 हथियार पुलिस ने बरामद किए।
मो. युसूफ कुर्रेशी
पुलिस अधीक्षक, शिवपुरी

Similar News