मक्का हादसे में मरने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 18 हुई

Update: 2015-09-26 00:00 GMT

मीना। मक्का के मीना में हज के दौरान भगदड़ में मारे जाने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। गत 25 वर्षों में हज के दौरान हुई भीषण त्रासदी में अब तक कुल 717 लोगों की मौत हो गई है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीटर पर इस खबर की जानकारी देते हुए बताया कि मीना त्रासदी में 18 भारतीयों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। भगदड़ में मारे गए 18 भारतीयों में से नौ गुजरात के, तीन तमिलनाडु के, एक तेलंगाना का और एक केरल का निवासी था जबकि चार अन्य की पहचान अभी नहीं हो पाई है। त्रासदी में आठ सौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिनमें 13 भारतीय शामिल हैं।
मुस्लिम जायरीन ने शुक्रवार को गमगीन माहौल में अंतिम रस्म अदा की। सउदी अरब के शाह सलमान ने सुरक्षा समीक्षा और हज संगठन के पुनरीक्षण का आदेश दिया है।
सउदी अरब के क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्वी ईरान ने आलोचना का नेतृत्व करते हुए विश्व में लोगों के सबसे बड़े सालाना आयोजन में अपने 131 नागरिकों के मारे जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि रियाद समारोह का प्रबंधन करने में सक्षम नहीं है।

 

Similar News