Indian Premier League: मध्यप्रदेश का खिलाड़ी बना RCB का नया कप्तान, 31 वर्षीय बल्लेबाज की कप्तानी में खेलेंगे विराट कोहली...

Update: 2025-02-13 06:43 GMT

RCB New Captain for IPL 2025: IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान को लेकर जो सवाल थे, उनका जवाब अब सामने आ चुका है। पहले यह चर्चा थी कि विराट कोहली कप्तानी करेंगे या किसी नए को यह जिम्मेदारी दी जाएगी। अब इस पर फैसला हो चुका है। RCB ने IPL के अगले सीजन के लिए रजत पाटीदार को अपना नया कप्तान घोषित किया है।

रजत पाटीदार बने RCB के 8वें कप्तान


RCB के नए कप्तान रजत पाटीदार टीम की कमान संभालने वाले आठवें खिलाड़ी बनेंगे। इससे पहले केविन पीटरसन, अनिल कुंबले, डैनियल विटोरी, विराट कोहली, शेन वॉटसन, और फाफ डु प्लेसी जैसे बड़े नाम इस टीम की कप्तानी कर चुके हैं। रजत पाटीदार, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और विराट कोहली के बाद चौथे भारतीय कप्तान होंगे। RCB का कप्तान बनने के बाद रजत पाटीदार को विराट कोहली ने शुभकामनाएं दी हैं।

विराट कोहली को क्यों नहीं मिली कप्तानी?

IPL 2025 के लिए पहले से यह कयास लगाए जा रहे थे कि RCB की कप्तानी फिर से विराट कोहली को सौंपी जाएगी। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने पुराने चेहरे की बजाय एक नए चेहरे को कप्तान बनाने का फैसला किया। रजत पाटीदार को कप्तान के रूप में चुने जाने की एक बड़ी वजह उनका घरेलू क्रिकेट में कप्तानी के तौर पर शानदार प्रदर्शन भी है।

घरेलू क्रिकेट में कप्तान के तौर पर रजत पाटीदार का शानदार रिकॉर्ड

रजत पाटीदार ने T20 फॉर्मेट में अपनी घरेलू टीम मध्य प्रदेश की कप्तानी 16 मैचों में की है जिसमें से उन्होंने 12 मैच जीतने में सफलता पाई है। इस तरह उनकी जीत का प्रतिशत 75% रहा है। रजत की कप्तानी में ही मध्य प्रदेश की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 के फाइनल में पहुंची थी। पाटीदार की कप्तानी के साथ-साथ उनकी बल्लेबाजी ने भी इस सफलता में अहम भूमिका निभाई।

फाइनल तक पहुंचने के बावजूद खिताब से दूर

IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) वह टीम है जिसने अब तक एक भी खिताब नहीं जीता है। हालांकि वह लीग की सबसे चर्चित टीमों में से एक रही है। RCB ने IPL के 17 सीजन में 9 बार प्लेऑफ में जगह बनाई है साथ ही 3 बार वह फाइनल तक पहुंची , लेकिन खिताब जीतने में कभी सफल नहीं हो पाई। RCB ने 2009, 2011 और 2016 में IPL के फाइनल में खेला था। IPL में RCB चौथी सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम है जिसने अब तक कुल 123 मैचों में जीत हासिल की है। 

Tags:    

Similar News