बीजापुर: राज्यपाल के बीजापुर दौरे से पहले सामने आई नक्सलियों के सीरियल ब्लास्ट की साजिश
रमेन डेका का बस्तर दौरा रद्द;

बीजापुर। पुलिस ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। नक्सलियों ने यहां सीरियल ब्लास्ट की साजिश रची थी। पुलिस को समय रहते इसकी जानकारी हो गई। इसकी वजह से कोई बड़ी घटना नहीं हुई, लेकिन नक्सलियों की इस हरकत के कारण राज्यपाल रमेन डेका का बीजापुर दौरा रद्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना बीजापुर एवं कैंप जैतालुर की 13वीं वाहिनी सीआरपीएफ की संयुक्त टीम एरिया डॉमिनेशन और डीमाइनिंग ड्यूटी पर निकली थी। गश्त के दौरान टीम ने गोरना-मनकेली मार्ग पर माओवादियों द्वारा लगाए गए 5 बम बरामद किए। जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर मनकेली गांव के पास नक्सलियों ने आईईडी लगा रखा था। इसकी जानकारी मिलते ही बीडीएस की टीम ने इसे सभी आईईडी को निष्क्रिय कर दिया। इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से राज्यपाल रमेन डेका का बीजापुर दौरा भी रद्द हो गया है।
कमांड स्विच से जोड़े गए थे बम
सोमवार सुबह लगभग 9 बजे, जब सुरक्षा बलों की टीम मनकेली गांव से आगे बढ़ रही थी, तभी उन्हें कच्चे मार्ग पर कुछ संदिग्ध दिखा। तत्काल सतर्कता बरतते हुए इलाके की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि माओवादियों ने मार्ग में 03 नग बीयर बॉटल बम (प्रत्येक का वजन 2-2 किलोग्राम) और 02 नग टिफिन बम (प्रत्येक 3-5 किलोग्राम) सीरिज में करीब 3 से 5 मीटर की दूरी पर दबा रखे थे। विस्फोटकों को कमांड स्विच के माध्यम से जोड़ा गया था, जिससे स्पष्ट है कि माओवादियों का इरादा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने का था।