दो चरणों में 11 जिलों में लहराया भगवा: कांग्रेस जीत का दावा तो करती है, लेकिन आंकड़ों का ज्ञान नहीं: सौरभ सिंह
रायपुर, स्वदेश। पहले चरण के बाद दूसरे चरण में भी भाजपा का डंका बजा है। भाजपा का दावा है कि दो चरणों में प्रदेश के 11 जिलों में भाजपा का परचम लहराया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य के लिए हुए चुनाव में पहले चरण में 160 सीटों में से भाजपा 125 सीटों में चुनाव जीती।
दूसरे चरण में 124 सीटों के लिए हुए मतदान में 97 सीटों पर भाजपा या हमारे समर्थित लोग चुनाव जीत गए हैं। चार सीटों के परिणाम अभी आने शेष हैं। इस तरह प्रथम चरण में जिला पंचायत में हमारा स्ट्राइक रेट 75 प्रतिशत था और द्वितीय चरण में स्ट्राइक रेट 80 प्रतिशत है। सिंह ने बताया कि दूसरे चरण के बाद 13-14 जिले ऐसे हैं, जिनमें बहुमत से मामूली अंतर से कुछ दूर हैं, जबकि कुछ में काउंटिंग बाकी है।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में प्रदेश की कुल 140 जनपद पंचायतों में से 52 जनपद पंचायत में चुनाव हुए और उसमें 40 जनपद पंचायत में हमारा बहुमत है। बाकी जनपद पंचायत में भी हमारे सदस्य जीतकर आएंगे। दूसरे चरण में 40 जनपद पंचायत क्षेत्र में चुनाव हुआ उसमें भी अभी तक प्राप्त अंकों के अनुसार 26 जनपद पंचायत में हमारा बहुमत है। तीनों चरणों में 1.60 लाख पंच निर्वाचित होने हैं और उनमें भी दो तिहाई से भाजपा उम्मीदवार जीत कर आ रहे हैं।
बैलेट पेपर से चुनाव में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ
भाजपा त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद किसी भी पार्टी ने इतनी बडी ऐतिहासिक जीत हासिल नहीं की है। प्रदेश की जनता में विष्णुदेव साय के सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी गारंटियों के पूरा होने से भाजपा के प्रति भरोसा बढा है। प्रदेश की जनता ने पांच साल तक धोखा देने वाली और भ्रष्टाचारी कांग्रेस को नकार दिया है।
उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो कांग्रेस दावा करती थी कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर हम नगरीय निकायों में बहुमत में आ जाते। लेकिन अब बैलेट पेपर से हो रहे पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का सूपडा साफ हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा पाटन में सभी निकाय की सीटों पर कांग्रेस हार गई। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित सभी बडे कांग्रेस नेताओं के क्षेत्र में निकाय चुनाव में करारी हार हुई।
अब पंचायत चुनाव में कांग्रेस की दयनीय हालत देखकर इनके नेता हार मानकर घर बैठ गए हैं। इस दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल और प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के उपस्थित थे।