Bihar Election: नीतीश कुमार ही होंगे बिहार में NDA का प्रमुख चेहरा, विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने साफ़ की तस्वीर

Bihar Election: बिहार में इस साल अक्टूबर- नवंबर के महीने में विधानसभा चुनाव होने वाला है।;

Update: 2025-02-13 14:22 GMT

Bihar Election:  बिहार का चुनाव नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा जायेगा। ये बात बीजेपी ने साफ़ कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए का प्रमुख चेहरा नीतीश कुमार ही होंगे। बता दें कि इससे पहले नीतीश कुमार आरजेडी के साथ सरकार में थे। लेकिन बाद में उन्होंने बीजेपी का हाथ थाम लिया। अब इस समय बिहार में एनडीए की सरकार ही चल रही है। अगर नीतीश कुमार का पुराना इतिहास देखें तो उन्होंने चार बार दल बदला है। इसी को देखते हुए भाजपा कोई रिस्क नहीं उठाना चाहती और नीतीश कुमार को ही फ्रंट फुट पर रखकर वो बिहार का चुनाव लड़ेगी। 

नीतीश कुमार ने कब कब बदला अपना पाला

नीतीश कुमार का राजनीतिक करियर पाला बदलने के लिए भी जाना जाता है। 2013 में उन्होंने बीजेपी के साथ 17 साल पुराना गठबंधन तोड़ा था और 2015 में आरजेडी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। 2017 में उन्होंने आरजेडी से नाता तोड़कर फिर बीजेपी के साथ गठबंधन किया और 2020 का चुनाव साथ मिलकर लड़ा। 2022 में वह फिर आरजेडी के साथ चले गए, लेकिन जनवरी 2024 में दोबारा बीजेपी के साथ आकर सरकार बना ली। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने साफ कर दिया है कि इस बार नीतीश कुमार ही गठबंधन का चेहरा होंगे।

नीतीश कुमार ने की थी प्रगति यात्रा

इस बीच, नीतीश कुमार ने बिहार में अपनी प्रगति यात्रा शुरू कर दी है। इस यात्रा के तहत वह राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं, विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं और नई योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर रहे हैं। इस यात्रा को चुनाव से पहले उनका जनसंपर्क अभियान माना जा रहा है, जिससे वह जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस दौरान वह स्थानीय समस्याओं को सुनकर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश भी दे रहे हैं।

नीतीश कुमार की यह यात्रा आगामी चुनाव की तैयारी का अहम हिस्सा मानी जा रही है। एनडीए गठबंधन को मजबूती देने और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए वह राज्यभर में दौरे कर रहे हैं। बीजेपी के इस ऐलान के बाद यह साफ हो गया है कि बिहार चुनाव में नीतीश कुमार ही एनडीए का चेहरा होंगे और उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।

Tags:    

Similar News