VIDEO: CSK को फिर लगा झटका! एक ही सीजन में दूसरा कप्तान चोटिल, धोनी का VIDEO देख बढ़ी फैन्स की बेचैनी...

Dhoni Viral Video
Dhoni Viral Video: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2025 अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। टीम ने अपने शुरुआती 7 में से सिर्फ 2 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो जाने के बाद एमएस धोनी ने टीम की कमान संभाली। धोनी की कप्तानी में CSK ने हाल ही में एक शानदार जीत भी हासिल की, लेकिन अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके एक वीडियो ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। वीडियो में धोनी कुछ असहज नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में लंगड़ाते नज़र आए धोनी
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आखिरी ओवर में धमाकेदार जीत दिलाने के बाद एमएस धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह टीम होटल लौटते समय लंगड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। फैंस के बीच जहां एक तरफ उनकी फिनिशिंग की तारीफ हो रही है। वहीं दूसरी तरफ उनकी चोट ने चिंता बढ़ा दी है। मैच के दौरान भी अंतिम ओवरों में वह थोड़े असहज नजर आए थे। अगर यह चोट गंभीर हुई तो पहले ही कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को गंवा चुकी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह और भी बड़ा झटका साबित हो सकता है।
— CSK Korner™ (@dhonsim140024) April 15, 2025
पहले भी झेल चुके हैं फिटनेस की चुनौतियां
गौरतलब है कि एमएस धोनी इससे पहले भी चोटों से जूझ चुके हैं। IPL 2024 के दौरान उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या हुई थी, इसके बावजूद उन्होंने टूर्नामेंट में खेलना जारी रखा। इससे पहले 1 जून 2023 को उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अपने घुटने की सर्जरी करवाई थी। लगातार खेलने और उम्र के इस पड़ाव पर धोनी की फिटनेस को लेकर पहले ही सवाल उठते रहे हैं। अब उनकी ताजा हालत ने एक बार फिर फैंस की चिंता बढ़ा दी है।
धोनी ने संकट में संभाली टीम
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में एमएस धोनी ने एक बार फिर साबित किया कि क्यों उन्हें 'फिनिशर' कहा जाता है। जब चेन्नई सुपर किंग्स ने 111 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे, तब धोनी मैदान पर उतरे और मैच की पूरी तस्वीर पलट दी। उन्होंने महज 11 गेंदों में 236.36 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 26 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 जोरदार छक्का शामिल रहा। उनकी इस दमदार पारी की बदौलत CSK ने 3 गेंद शेष रहते 5 विकेट से जीत दर्ज की और धोनी एक बार फिर हीरो बनकर उभरे।