चुनाव खत्म-काम शुरू: नया अध्याय लिखेगा मिल्कीपुर, 54 किमी मार्ग होली बाद हो जाएगा चकाचक...

37.74 करोड़ की लागत से हो रहा है सड़क निर्माण, उपचुनाव में जीत के बाद और तेजी से बदलेगी मिल्कीपुर की सूरत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था सड़कों का शिलान्यास;

Update: 2025-02-09 16:17 GMT

अयोध्या। मिल्कीपुर उपचुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का करिश्मा ही था जो भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की है। भाजपा की बड़ी जीत के बाद मिल्कीपुर विधानसभा में बड़े पैमाने पर विकास कार्यों को कराने की रूप रेखा बनाई जा रही है। यह कहा जा रहा है कि मिल्कीपुर अब विकास का नया अध्याय लिखेगा। इसकी नजीर है 54 किमी का मार्ग। यहां सड़क बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।

अयोध्या में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ रखी है। नगर क्षेत्र ही नहीं बल्कि तहसील स्तर पर भी युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। मिल्कीपुर में भी सितम्बर में शिलान्यास हुए कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। कुल 37 करोड से 48 मार्गों पर तीव्र गति से कार्य चल रहा है। कुल 54 किमी लंबी सड़क का निर्माण होना है, जिसे 31 मार्च 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा।

60 फीसदी पूरा हो चुका है कार्य :

रामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। ये श्रद्धालु चारों तरफ से आ रहे हैं इसलिए चौतरफा विकास कराए जा रहे हैं। खास तौर पर सड़कों पर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। बीते साल अगस्त में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिल्कीपुर के विद्या इंटर कालेज में जनसभा के दौरान कई सड़कों का शिलान्यास व लोकार्पण किया था। इनमें कुछ सड़कें तहसील व कई अन्य विकास कार्य नगर क्षेत्र के थे।

बताया जा रहा है कि मिल्कीपुर की 54.28 किमी की सड़को के निर्माण का कार्य जोर पकड़ लिया है, जिसमें खजुरहट, मिल्कीपुर-अमानीगंज-रुदौली-रौजागांव मार्ग भी शामिल है। 60 फीसदी कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 31 मार्च तक सभी मार्गों के निर्माण व सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा। लोनिवि के निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एस.बी. सिंह ने बताया कि हमारी कोशिश है कि मार्च तक हर हाल में कार्य पूरा कर लिया जाए।

Tags:    

Similar News