Delhi CM: अतिशी ने संभाला सीएम का पदभार लेकिन खाली रहेगी मुख्यमंत्री की कुर्सी...ऐसे संभालेंगी दिल्ली

Update: 2024-09-23 08:17 GMT

Delhi CM

Chief Minister Atishi : नई दिल्ली। मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली सीएम का पदभार संभाल लिया है। सोमवार को उनके पदभार ग्रहण की तस्वीर सामने आई है जिसकी खूब चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री सीएम की कुर्सी की जगह एक सामान्य कुर्सी पर बैठी हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली छोड़ रखी है।

सीएम अतिशी ने कहा, "आज मैंने दिल्ली के मुख्यमंत्री की ज़िम्मेदारी सँभाली है। आज मेरे मन में वो ही व्यथा है जो भरत के मन में थी जब उनके बड़े भाई भगवान श्री राम 14 साल के वनवास पर गए थे, और भरत जी को अयोध्या का शासन सँभालना पड़ा था। जैसे भरत ने 14 साल भगवान श्री राम की खड़ाऊँ रख कर अयोध्या का शासन सम्भाला, वैसे ही मैं 4 महीने दिल्ली की सरकार चलाऊँगी।

मुख्यमंत्री अतिशी ने कहा कि, "अरविंद केजरीवाल ने मर्यादा और नैतिकता की मिसाल कायम की है। पिछले दो साल से बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल की छवि खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन पर झूठे केस लगाए गए, उन्हें गिरफ्तार किया गया और छह महीने के लिए जेल में डाल दिया गया। अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि, जब तक दिल्ली की जनता उनकी ईमानदारी पर भरोसा नहीं जताती, तब तक वे सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे। इसलिए उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री की कुर्सी अरविंद केजरीवाल की है। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली की जनता उन्हें फिर से दिल्ली का मुख्यमंत्री चुनेगी। तब तक कुर्सी ऐसे ही रहेगी और अरविंद केजरीवाल का इंतजार करेगी।"

बता दें कि, अतिशी ने मुख्यमंत्री के रूप में 21 सितंबर को शपथ ली थी। वे दिल्ली नौवीं और सबसे युवा मुख्यमंत्री हैं। अरविंद केजरीवाल ने जेल से बाहर आने के बाद एलजी को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया था। इसके बाद अतिशी को विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री चुना गया था। आतिशी के पास पीडब्ल्यूडी समेत 13 विभाग हैं।

Similar News