Bahraich Violence: बहराइच हिंसा के बाद प्रशासन सख्त, जिले में भारी संख्या में फोर्स तैनात, 30 उपद्रवी हिरासत में

Update: 2024-10-14 12:54 GMT

बहराइच हिंसा के बाद प्रशासन सख्त, जिले में भारी संख्या में फोर्स तैनात, 30 उपद्रवी हिरासत में

Bahraich Violence : उत्तरप्रदेश। बहराइच में हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जानकारी के अनुसार बहराइच में चार SP-SSP रैंक के अधिकारी, 4 डीएसपी, RAF की एक कंपनी, PAC की 3 कंपनियां समेत भारी संख्या में फोर्स तैनात है। महसी इलाके में इंटरनेट सेवा बंद है। पुलिस ने 30 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। सभी उपद्रवियों से पूछताछ की जा रही है।

बहराइच प्रकरण के बाद लखनऊ पुलिस भी अलर्ट पर है। CP लखनऊ अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देशन में DCP पश्चिम ओमवीर सिंह ने थाना क्षेत्र बाजार खाला से निकलने वाले श्री राम नगर भ्रमण यात्रा व ज्योति कलश यात्रा के दृष्टिगत पुलिस फोर्स के साथ संपूर्ण रूट का भ्रमण किया। उन्होंने यहां तैनात पोलिकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए।

उत्तर प्रदेश के बहराइच में हुई हिंसा को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। बहराइच हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उच्च अधिकारियों की बैठक बुला ली थी। बहराइच हिंसा में मारे गए रामगोपाल मिश्रा के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया था। गुस्साए लोगों ने बहराइच के अस्पताल और बाइक के शोरूम को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा घरों में भी तोड़फोड़ और आगजनी की थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने घटना का संज्ञान लेते हुए कहा था कि, माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सीएम के निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस ने कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।

बहराइच के महसी में हुए बवाल का वीडियो सामने आया था। बीते दिनों दिनों एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद बहराइच में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। सामने आए वीडियो में युवक टीन के सहारे छत पर चढ़कर हरे झंडे को हटाकर भगवा झंडा फहराते नजर आ रहा था।

वीडियो में देखा जा सकता है कि, युवक द्वारा भगवा झंडा फहराने के बाद दुकान पर पथराव किया गया। इसी दौरान युवक को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। यह मामला बहराइच में हरदी थाना क्षेत्र के महाराजगंज बाजार का है। लोगों का कहना है कि, पहले दुर्गा मां की प्रतिमा पर पथराव किया गया था उसके बाद युवक द्वारा झंडे निकाले गए। इस मामले की जांच अब पुलिस द्वारा की जा रही है।

हरदी थाना क्षेत्र के महाराजगंज बाजार में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर गोलीबारी और पथराव के बाद अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद जिले में हालात बिगड़ गए थे। गुस्साए लोगों ने मृतक के शव को मेडिकल कॉलेज बहराइच के सामने रखकर सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन कर दिया था। जाम और प्रदर्शन की सूचना पाकर प्रशासन के हाथ-पाँव फूल गए। मौके पर पहुंचे विधायक महसी और डीएम मोनिका रानी के आश्वासन पर किसी तरह प्रदर्शनकारी माने, डेढ़ घंटे बाद पोस्टमार्टम के लिए मृतक का शव भेजा गया था।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह से हजारों की संख्या में लोगों ने मृतक रामगोपाल मिश्रा का शव लेकर सड़क पर शव यात्रा निकाली थी। गुस्साए लोगों की भीड़ हाथों में लाठी-डंडा लेकर सड़क पर उतर गई। इसके बाद दुकान और अस्पताल में आगजनी भी हुई थी।

Tags:    

Similar News