Haryana Assembly Election: टिकट बंटवारे के बाद हरियाणा BJP में बगावत की लहर, बड़े नेताओं ने छोड़ी पार्टी, CM सैनी रूठों को मानाने निकले

Update: 2024-09-06 05:06 GMT

Haryana Assembly Election : टिकट बंटवारे के बाद हरियाणा भाजपा में बगावत की लहर

हरियाणा। टिकट बंटवारे के बाद हरियाणा में भाजपा अपनों के बीच ही घिरती नजर आ रही है। टिकट कटने से विधायक और टिकट न मिलने से नेता इस कदर नाराज हैं कि, किसी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है कोई इस्तीफा दे चुका है। स्थिति यह बन गई कि, सीएम को खुद नेताओं को मनाने आगे आए लेकिन नेता मानने को तैयार नहीं है।

एक असहज स्थिति तब बनी जब सीएम सैनी कर्ण देव कंबोज से हाथ मिलाने आगे बढे लेकिन उन्होंने हाथ मिलाना तो दूर सीएम की तरफ अच्छे से देखा तक नहीं। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो वायरल है। हाथ न मिलाकर कर्ण देव कंबोज आगे बढ़ गए और सीएम सैनी को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।

अब तक कई बड़े नेताओं ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। टिकट न मिलने से कई नेता नाराज चल रहे हैं। बीजेपी नेता शमशेर गिल, कविता जैन, लक्ष्मण नापा और सुखविंदर मांडी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही कई पदाधिकारियों ने भी पार्टी छोड़ दी है।

इन नेताओं ने छोड़ी बीजेपी :

रणजीत चौटाला

रणजीत सिंह चौटाला ने भी बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि हर हाल में रानिया विधानसभा से चुनाव लड़ंगा। चाहे वो किसी भी पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ें।

आदित्य चौटाला

आदित्य चौटाला ने HSAM बोर्ड के चैयरमेन पद से इस्तीफा दे दिया है। वे डबवाली से BJP से टिकट मांग रहे थे। पहली लिस्ट में नाम ना आने से नाराज हो गए।

कर्ण देव कंबोज

पूर्व मंत्री और हरियाणा बीजेपी ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रमुख कर्ण देव कंबोज ने बीजेपी के सभी पदों से अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि मैं और मेरा परिवार शुरू से ही जनसंघ के समय से ही बीजेपी का हिस्सा रहे हैं। मैंने कई लोगों के साथ काम किया है। अब बीजेपी में भी कांग्रेसी कल्चर आ गया है। कांग्रेस यहां सरकार बनाएगी और बीजेपी का सपना सपना ही रह जाएगा।

सावित्री जिंदल

सावित्री जिंदल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया है। उन्होंने कहा था कि, उनके बेटे नवीन जिंदल ने भाजपा ज्वाइन की थी। उन्होंने कभी भाजपा ज्वाइन ही नहीं की तो वे निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र हैं। सावित्री जिंदल देश की सबसे अमीर महिला हैं और इनके बेटे नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद।

सुखविंदर मांडी

टिकट न मिलने से हरियाणा बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर मांडी भी नाराज थे। उन्होंने गुरुवार को पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया। उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।

लक्ष्मण नापा

रतिया से बीजेपी विधायक लक्ष्मण नापा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बीजेपी ने पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को सिरसा से टिकट दिया है। इससे लक्षमण नापा नाराज हो गए। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वे आज (शुक्रवार) कांग्रेस में शामिल होंगे।

कविता जैन

पूर्व मंत्री कविता जैन को टिकट ना मिलने से उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनके कई समर्थकों ने भी पार्टी से इस्तीफा दिया है। टिकट ना मिलने से वो फूट-फूट कर रोईं थीं।

शमशेर गिल

बीजेपी के बड़े नेता शमशेर गिल की भी नाराजगी सामने आई है। टिकट न मिलने से उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

विकास उर्फ़ बल्ले

दादरी से किसान मोर्चा से नाखुश जिला अध्यक्ष विकास उर्फ बल्ले ने भी इस्तीफा दे दिया है। उन्हें भी भाजपा ने टिकट नहीं दिया था।

अमित जैन

सोनीपत के विधानसभा चुनाव प्रभारी अमित जैन ने भी भाजपा से इस्तीफा दे दिया। अमित जैन बीजेपी युवा राज्य कार्यकारिणी के भी सदस्य थे।

दर्शन गिरी महाराज

हिसार से बीजेपी नेता दर्शन गिरी महाराज ने भी भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। वे भी टिकट न मिलने से नाराज थे।

सीमा गैबिपुर

सीमा गैबिपुर बीजेपी की वरिष्ठ नेता रही हैं, उन्होंने भी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 67 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। 90 सीट पर एक ही चरण में मतदान होना है। इस बार कांग्रेस जहां कॉंफिडेंट है वहीं भाजपा ऐन्टीइंकम्बैंसी के साथ - साथ अंतरकलह का सामना कर रही है। ऐसे में भाजपा किस तरह से इस स्थिति को डील करेगी यह देखने लायक होगा।

Tags:    

Similar News