Amethi News: अमेठी में भाजपा को तीन लाख और स्मृति ईरानी को बीस हजार का लक्ष्य...

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को बीस हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य सौंपा गया है।

Update: 2024-09-07 18:22 GMT

अमेठी/स्वामीनाथ शुक्ल। भाजपा लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। देशभर में भाजपा का वोट बैंक बढ़ाने के लिए सदस्यता अभियान चल रहा है। इसमें छोटे बड़े सभी को एक निश्चित लक्ष्य के साथ जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को बीस हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य सौंपा गया है। अमेठी के डाक बंगले में बुधवार को अमरेंद्र सिंह पिंटू के द्वारा आयोजित सदस्यता अभियान कैंप में भाजपा के प्रभारी शंकर गिरी ने बताया कि अमेठी में भाजपा को तीन लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसमें सांसद बीस हजार, विधायक दस हजार, महापौर बीस हजार, नगर पालिका अध्यक्ष पांच हजार, नगर पंचायत अध्यक्ष दो हजार, नगर निगम पार्षद एक हजार, नगर पालिका पार्षद पांच सौ, नगर पंचायत के पार्षद दो सौ, निगम आयोग बोर्ड के अध्यक्ष एक हजार, जिला पंचायत अध्यक्ष पंद्रह हजार, युवा मोर्चा पंद्रह लाख, महिला मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा दस दस लाख, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा को दो दो लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य सौंपा गया है।

भाजपा का 11 से 17 सितंबर तक विशेष सदस्यता अभियान चलेगा। भाजपा के एक अधिकारी ने बताया कि सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी खुद अमेठी आएंगी। लेकिन अभी आधिकारिक तौर पर सूचना नहीं है। बाकी भाजपा के तीन लाख और सासंद के बीस हजार लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्मृति ईरानी अमेठी आएंगी। पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी ने कहा कि उन्हें दस हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है।

इसके लिए वे आनलाइन और आफलाइन दोनों तरीके से सदस्य बनाने में जुटे हैं।पिंटू सिंह ने कहा कि अमेठी में भाजपा का लक्ष्य पूरा हो जाएगा। आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में चारों सीटों पर कमल खिलेगा। जबकि स्मृति ईरानी की हार पर शंकर गिरी ने कहा कि संविधान के भ्रम में और कांग्रेस के खटाखट की चकाचौंध में जनता आ गई थी। जिससे अमेठी में भाजपा हार गई। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला ने बताया कि उन्हें पंद्रह हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है।

इस लक्ष्य को समय के पहले पूरा करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्र, जिला महामंत्री सुधांशु शुक्ल, प्रवक्ता चंद्रमौली सिंह, अनिल मिश्र,राजू सिंह, बृजेश सिंह, मदनमोहन सिंह आदि मौजूद थे। 

Tags:    

Similar News