MP News: खंडवा में एक महिला को पति ने तीन महीने तक भेजी तीन चिट्ठी, रोते हुए पीड़िता पहुंची थाने, बताया अपना दर्द

Update: 2024-09-22 03:38 GMT

Khandwa Triple Talaq

MP News : मध्यप्रदेश। खंडवा से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक महिला को उसके पति ने तीन महीने तक तीन चिट्ठी भेजी जिसके बाद महिला पुलिस थाने पहुंची और अपना दर्द बताया। यह मामला खंडवा कोतवाली का है। महिला का दर्द सुनने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मुस्लिम युवक बड़वानी का रहने वाला है। युवक ने अपनी पत्नी को तीन महीने तक अलग - अलग तीन पत्र भेजकर तलाक दिया। महिला का आरोप है कि, उसे तीन तलाक (गैर कानूनी) देकर प्रताड़ित किया गया है जबकि युवक का कहना है कि, उसने कुछ भी गलत नहीं किया।

बड़वानी के मौलाना आजाद मार्ग पर रहने वाले युवक वसीम तिगाले का निकाह 2015 में हुआ था। विवाह के बाद से ही वसीम और उसकी पत्नी के बीच विवाद बना रहता था। कुछ समय बाद दोनों का तलाक हो गया। उस समय महिला ने अपने पति के खिलाफ दहेज़ उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद परिजनों ने दोनों की सुलह करवाई और दोनों ने दोबारा निकाह कर लिया।

दूसरे निकाह के बाद भी दोनों के बीच अनबन बनी रहती थी। इसके बाद तंग आकर महिला अपने मायके में रहने आ गई। अब महिला ने आरोप लगाया है कि, उसके पति ने उसे तीन तलाक का नोटिस भेजकर प्रताड़ित किया है। पुलिस ने इस मामले में मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

इस पूरे मामले में महिला के पति का कहना है कि, उसने एक साथ तीन बार तलाक बोलकर, तलाक नहीं दिया बल्कि तीन महीने तक एक - एक पत्र भेजकर तलाक दिया है। यह नियम के विरुद्ध नहीं है। वह लम्बे समय से अपनी पत्नी से परेशान है क्योंकि उसकी पत्नी उससे रुपयों की डिमांड करती है।

पुलिस का कहना है कि, महिला की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News