भोपाल: मध्यभारत प्रान्त में एक सप्ताह का सुपोषण भारत अभियान माननीय सुधीर जी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न।

Update: 2024-09-26 12:13 GMT

भोपाल। पीपुल्स अस्पताल के विशाल सभागृह में सेवा भारती मध्यभारत प्रान्त के सुपोषण भारत समर्थ भारत अभियान के समापन समारोह में बोलते हुये राष्ट्रीय संगठन मंत्री, राष्ट्रीय सेवा भारती माननीय श्री सुधीर कुमार जी ने बताया कि हमें अपने भोजन में तिरंगा भोजन का समावेश करना चाहिए।

तिरंगा भोजन के केसरिया या नारंगी रंग में गेंहूं, पपीता, गाजर, केला, टमाटर, पीली दालें जैसे अरहर, चना, राजमा, शलजम, आदि शामिल किए गए हैं। सफेद रंग के भोजन में दूध, पनीर, चावल, आलू, फूल गोभी, लहसुन, मूली आदि चीजें शामिल की जाती है।

हरे रंग के भोजन में पालक, मैथी, बथुआ, चौलाई, मटर, बीन्स, पत्ता गोभी, भिंडी, हरी मिर्च, धनिया, खीरा, कच्ची या हरी प्याज, करेला, लौकी, तुहई, हरे चने आदि चीजें शामिल करना चाहिए। उन्होंने बताया कि हरियाणा के एक गाँव में कुपोषण का प्रतिशत अधिक था जहाँ पर यह प्रयोग किया और वह सफल रहा।

कार्यक्रम में भोपाल के सांसद श्री आलोक शर्मा जी ने कार्यक्रम की प्रस्तावना सुनने और समस्त जानकारी प्राप्त कर अभिभूत हुये और कहा कि सेवा भारती का यह अभियान सफल रहा है और यह प्रयास रहेगा कि आगामी वर्षों में इस अभियान को देश का नम्बर वन अभियान बनायेंगे। देश में आज भी 30 से 40 प्रतिशत गर्भवती महिलाओं की प्रसव के दौरान मृत्यु एनीमिया के कारण होती है। भारत में 29 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से प्रभावित है,जिसे दूर करने का बीड़ा राष्ट्रीय सेवा भारती ने उठाया और प्रतिवर्ष सितम्बर माह में सुपोषित भारत-समर्थ भारत अभियान चलाया जाता है।


राष्ट्रीय सेवा भारती के इस आव्हान पर इस वर्ष सेवा भारती मध्यभारत द्वारा दिनांक 16 से 22 सितम्बर 2024 तक एक सप्ताह तक यह अभियान चलाया गया।

समापन कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. श्रीमती अरूणा कुमार (आई.ए.एस.) संचालक- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, निदेशक- पीपुल्स डेंटल कॉलेज, श्री विमल कुमार त्यागी, सचिव- सेवा भारती मध्यभारत मंचासीन रहे। गरिमामयी कार्यक्रम के साक्षी श्री सुरेन्द्र सिंह सोलंकी, संगठन मंत्री- सेवा भारती मध्यभारत प्रान्त और श्री राज नारायण अग्निहोत्री, कोषाध्यक्ष-सेवा भारती मध्यभारत रहे।

इसके अतिरिक्त श्री करण सिंह विभाग समन्वयक, श्री ब्रह्मस्वरूप बाजपेई महानगर अध्यक्ष, डॉ राम रघुवंशी सचिव महानगर, श्री प्रद्युम्न गुप्ता कोषाध्यक्ष महानगर, श्री एसएन त्रिपाठी उपाध्यक्ष महानगर और डॉ दिनेश शर्मा स्वास्थ्य आयाम प्रमुख उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News