MP News: हर घंटे जल रहा यूनियन कार्बाइड का 135 किलो कचरा, 500 लीटर डीजल की खपत से निपटान जारी...
Mp News: धार जिले के पीथमपुर स्थित रामकी संयंत्र में यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के कचरे को नष्ट करने की प्रक्रिया जारी है। शुक्रवार दोपहर 3 बजे से इस प्रक्रिया का पहला चरण शुरू हुआ, जिसमें इंसीनरेटर का उपयोग कर कचरे को जलाया जा रहा है। इस चरण में कुल 10 टन कचरे को जलाने का लक्ष्य है, जिसे लगातार 74 घंटे तक, यानी सोमवार शाम 5 बजे तक पूरा किया जाना है।
शनिवार शाम सात बजे तक पीथमपुर स्थित रामकी संयंत्र में 3,780 किलोग्राम कचरे का निष्पादन किया जा चुका था, जिसमें हर घंटे 135 किलोग्राम कचरा जलाया जा रहा है। इस प्रक्रिया की निगरानी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल और मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारी कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारियों के अनुसार, कचरे में मौजूद रासायनिक तत्वों को निष्क्रिय करने के लिए अब तक जलाए गए कचरे में लगभग 3,240 किलोग्राम चूने को मिलाया गया। इसके अलावा, फ्लू गैसों की शुद्धि के लिए 3.6 टन चूना, 1.8 टन एक्टिवेटेड कार्बन और 24 किलोग्राम सल्फर का भी इस्तेमाल किया गया।
काली पट्टी के साथ डटीं महिलाएं
पीथमपुर में कचरा निष्पादन की प्रक्रिया का विरोध जारी है। शनिवार को पुलिस बल की तैनाती के चलते माहौल शांत रहा। इस दौरान, महाराणा प्रताप बस स्टैंड पर कुछ महिलाएं सिर पर काली पट्टी बांधकर धरने पर बैठीं। उनके हाथों में भीमराव आंबेडकर की तस्वीरें थीं। करीब एक घंटे बाद पुलिसकर्मियों ने समझाने की कोशिश की, जिससे कुछ महिलाएं वहां से चली गईं, जबकि कुछ ने धरना जारी रखा।