पुलिस अधिकारियों की तबादला सूची इसी हफ्ते होगी जारी: एक दर्जन से ज्यादा पुलिस अधीक्षक बदलने की संभावना…

Update: 2025-04-15 06:47 GMT
एक दर्जन से ज्यादा पुलिस अधीक्षक बदलने की संभावना…
  • whatsapp icon

विशेष संवाददाता, भोपाल। प्रदेश सरकार पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल की तैयारी में है। यह फेरबदल अगले एक हफ्ते के भीतर होने की संभावना है। जिसमें सबसे ज्यादा मैदानी पुलिस अधिकारी बदले जाएंगे। 30 से ज्यादा अधिकारियों की फेरबदल वाली सूची में एक दर्जन से ज्यादा जिलों के पुलिस अधीक्षक समेत भोपाल, इंदौर के भी आईपीएस अधिकारी प्रभावित होंगे। सूची एक साथ या अलग-अलग आ सकती है। तबादलों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दे दी है।

मंत्रालय सूत्रों के अनुसार मैदानी पुलिस अधिकारियों की तबादला सूची लंबे समय से लंबित है, लेकिन अलग-अलग कारणों से तबादला सूची जारी नहीं हो पाई है। पिछले एक पखवाड़े में अलग-अलग त्यौहार और फिर अंबेडकर जयंती पर विशेष सुरक्षा के चलते मैदानी अधिकारियों के तबादले नहीं हो पाए हैं। चूंकि मई में तबादलों से प्रतिबंध हटने की संभावना है।

इससे पहले राज्य सरकार अधिकारियों के तबादले करने की तैयारी में है। ऐसे में सरकार जल्द ही पुलिस अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर सकती है। जिसमें एक दर्जन करीब पुलिस अधीक्षक बदले जाएंगे।

ये जिले हो सकते हैं प्रभावित

जो पुलिस अधीक्षक पदोन्नत होकर उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) बन चुके हैं, उनका हटना तय है। धार, नीमच, छतरपुर, मंदसौर, शिवपुरी, गुना, खरगौन समेत अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षकों के नाम बताए गए हैं। इसके अलावा सचिन अतुलकर को जबलपुर आईजी बनाया जा सकता है। फिलहाल उनके पास प्रभार है। इसके अलावा कुछ रेंज आईजी एवं डीआईजी भी बदलेंगे। भोपाल और इंदौर भी आधा दर्जन आईपीएस के तबादले होंगे।

मंत्रालय स्तर पर आईएएस के बदलेंगे दायित्व

राज्य शासन ने रविवार को 4 जिलाधीश समेत 9 आईएएस के तबादला आदेश जारी किए। जबकि शासन स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्व नहीं बदले। जिन विभागों की अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार हैं, उन विभागों में अधिकारियों की पदस्थापना होगी। साथ ही कुछ विभागाध्यक्ष भी बदलेंगे। उद्योग विभाग में कुछ अधिकारियों की पदस्थापना होगी। कुछ जिलों के जिलाधीश भी बदलेंगे। जिसमें ग्वालियर-चंबल के दो जिले शामिल हैं। आईएएस के आदेश भी इसी महीने के आखिरी तक जारी होने की संभावना है। 

Tags:    

Similar News