MP News: शिवपुरी में अंधविश्वास का शिकार बना मासूम, तांत्रिक ने 6 माह के बच्चे को आग पर लटकाया तो जल गई आंखें

Update: 2025-03-15 08:40 GMT

Shivpuri Tantrik Baba Baby Burn Case : शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक अंधविश्वास का मामला सामने आया है। यहां एक तांत्रिक ने 6 महीने के बच्चे को आग के ऊपर उल्टा लटका दिया। इससे मासूम का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। डॉक्टर्स ने बताया कि, उसकी दोनों आंखों का कॉर्निया झुलस गया। बच्चे का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, कोलारस में 13 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे 6 माह के मासूम मंयक को उसकी मां तांत्रिक रघुवीर धाकड़ के पास ले गई। वह कुछ दिन से बीमार चल रहा था। झाड़-फूंक के नाम पर रघुवीर ने बच्चे के दोनों पैर पकड़कर उसे आग के ऊपर उल्टा लटका दिया।

आग की लपटों से बच्चे का चेहरा जल गया और आंखों में धुआं भर गया। घटना के तुरंत बाद बच्चे की मां उसे शिवपुरी जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टर्स ने बताया कि, घटना में बच्चे की दोनों आंखों का कॉर्निया झुलस गया है। बच्चे की दृष्टि वापस आएगी या नहीं यह अगले 72 घंटे में पता चलेगा। फिलहाल उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। 

पुलिस के अनुसार, बच्चे के माता-पिता आरोपी को बचाने का प्रयास कर रहे थे। वे कह रहे थे कि बच्चा चाय बनाने के दौरान आग की चपेट में आ गया। एसपी अमन सिंह राठौड़ ने गांव के कोटवार जनवेद परिहार को फरियादी बनाकर तांत्रिक रघुवीर धाकड़ के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

कोलारस एसडीओपी विजय सिंह यादव ने बताया, मामले की गंभीरता को देखते हुए आग और धुंए में बच्चे को उल्टा लटकाने वाले तांत्रिक रघुवीर धाकड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वह फरार है, तलाश जारी है।

Tags:    

Similar News