पीएम मोदी का भोपाल दौरा: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 से पहले PM बीजेपी नेताओं की लगाएंगे क्लास, कुशाभाऊ सभागार में तैयारियां पूरी
भोपाल, विशेष संवाददाता। राजधानी भोपाल में 24-25 फरवरी को आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल पहुंच रहे। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 फरवरी को भोपाल में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, विधायकों एवं सांसदों की राजनीतिक क्लास लगाएंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचकर तैयारियां देखीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि 23 फरवरी को बुंदेलखंड की धरती पर बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उसी दिन 23 को ही भोपाल पहुंचकर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में पार्टी के प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारियों, सांसदों व विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे।
भोपाल में कार्यकर्ता करेंगे मोदी का भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बुंदेलखंड एवं भोपाल आगमन पर कार्यकर्ता दोनों ही जगह उनका भव्य स्वागत करेंगे। पार्टी और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सनातन धर्म-संस्कृति के विरोधी कांग्रेस नेता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री देश और दुनिया में धर्म-संस्कृति की आभा बिखेर रहे हैं। एक युवा संत धर्म के प्रति समर्पण के साथ आध्यात्मिकता की आवाज बने हुए हैं। श्री शास्त्री को लेकर कांग्रेस नेता जिस तरह अमर्यादित भाषा का उपयोग कर रहे हैं, इस तरह की भाषा सभ्य समाज में कोई स्वीकार नहीं करता है।
कांग्रेस नेता हमेशा से साधु-संतों का विरोध करते रहे हैं। भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वाली कांग्रेस पार्टी और उसके नेता हमेशा से सनातन और धर्म-संस्कृति का अपमान करते रहे हैं। राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह और ममता बनर्जी से लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेता जीतू पटवारी सहित कांग्रेसी नेता सदैव साधु-संतों को अपमानित करने वाली भाषा बोलते हैं। कांग्रेस नेताओं की मानसिकता ही सनातन व धर्म-संस्कृति विरोधी है।
मप्र को बदनाम कर रहे कांग्रेस नेता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 फरवरी को भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का शुभारंभ करेंगे। भोपाल में पहली बार आयोजित हो रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में देश के साथ दुनिया के कई देशों के उद्योगपति व निवेशक शामिल हो रहे हैं। लाखों करोड़ के निवेश होने की संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री मोदी मध्यप्रदेश के लिए अनेकों सौगातें लेकर आ रहे हैं।
दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार जैसे कांग्रेस नेता मध्यप्रदेश को बदनाम कर रहे हैं। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाया था। दिग्विजय सिंह हों या जीतू पटवारी सभी डूबती नाव हो गए हैं। खुद को सुर्खियों में बनाए रखने के लिए कांग्रेस नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस के समय मध्यप्रदेश बीमारू राज्य कहा जाता था, भाजपा सरकार ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए।