IPL 2025: अजिंक्य रहाणे को KKR की कप्तानी मिलने के 5 बड़े कारण, हैरान रह गए युवा खिलाड़ी...
KKR IPL 2025: कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2025 के लिए अजिंक्य रहाणे को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। 36 साल के रहाणे को कप्तान बनाए जाने की घोषणा फ्रेंचाइजी ने सोमवार को की। आईपीएल के पहले सीजन से खेल रहे रहाणे को पिछले सीजन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने रिलीज कर दिया था, जिसके बाद केकेआर ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। अब उन्हें कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आइए जानते हैं कि किन 5 कारणों से अजिंक्य रहाणे को केकेआर की कप्तानी सौंपी गई है।
जानें इस फैसले के पीछे की 5 बड़ी वजहें
कप्तानी में रहाणे का शानदार रिकॉर्ड
अजिंक्य रहाणे के पास कप्तानी का काफी अनुभव है। वह पहले आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की अगुवाई कर चुके हैं साथ ही भारतीय टीम की कप्तानी का जिम्मा भी संभाल चुके हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके अलावा रहाणे फिलहाल घरेलू क्रिकेट में मुंबई की कप्तानी भी कर रहे हैं।
शानदार फॉर्म में हैं रहाणे
अजिंक्य रहाणे हाल ही में बेहतरीन फॉर्म में नजर आए हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 8 पारियों में 58 की औसत और 165 की स्ट्राइक रेट से कुल 469 रन जुटाए। उनकी सर्वोच्च पारी 98 रनों की रही। रहाणे के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मुंबई ने इस टूर्नामेंट का खिताब भी अपने नाम किया।
रहाणे को बखूबी आता है टीम की कमान संभालना
अजिंक्य रहाणे अच्छी तरह जानते हैं कि टीम को कैसे संभालना है। उनके अनुभव से युवा खिलाड़ियों को काफी मार्गदर्शन मिलेगा। रहाणे ने विभिन्न परिस्थितियों में क्रिकेट खेला है। कई टीमों का हिस्सा रहे हैं, जिससे उन्हें हर टीम की ताकत और कमजोरियों की गहरी समझ है।
कोच के साथ मजबूत तालमेल रखते हैं रहाणे
किसी भी टीम की सफलता के लिए कोच और कप्तान के बीच अच्छा तालमेल होना जरूरी है। अजिंक्य रहाणे और केकेआर के हेड कोच चंद्रकांत पंडित, दोनों ही मुंबई से हैं। पंडित घरेलू क्रिकेट में पहले भी रहाणे को कोचिंग दे चुके हैं। अब यह सफल जोड़ी आईपीएल में एक साथ नजर आएगी।
अनुभवी खिलाड़ियों का अभाव
केकेआर के सामने कप्तानी के लिए अनुभवी विकल्पों की कमी है। वेंकटेश अय्यर के पास कप्तानी का सीमित अनुभव है। वहीं सुनील नरेन और आंद्रे रसेल भी इस मामले में ज्यादा अनुभव नहीं रखते। रिंकू सिंह टीम में मौजूद हैं, लेकिन उन्होंने भी अभी तक बड़े स्तर पर कप्तानी नहीं की है।