Meg Lanning: 5 वर्ल्ड कप जीतने वाली मेग लेनिंग की टीम फिर चूकी, WPL खिताब का इंतज़ार जारी...
Meg Lanning, MI vs DC Final
Meg Lanning, MI vs DC Final: महान कप्तानों में शुमार मेग लेनिंग की किस्मत वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में फिर से उनका साथ नहीं दे पाई। मुंबई इंडियंस ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 8 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस हार के साथ मेग लेनिंग की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीसरी बार फाइनल में हार गई। इंटरनेशनल क्रिकेट में मेग लेनिंग ने ऑस्ट्रेलिया को 5 बार वर्ल्ड कप जिताया है, जिसमें 4 टी20 और 1 वनडे वर्ल्ड कप शामिल है। हालांकि, WPL में अपनी टीम को चैंपियन बनाने का उनका सपना अब तक अधूरा ही रह गया है।
मेग लेनिंग का WPL खिताब जीतने का सपना फिर चकनाचूर
वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के अब तक तीनों सीजन में दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन हर बार खिताब उनके हाथ से फिसल गया। पहले सीजन में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 3 विकेट से हराकर चैंपियन बनी। दूसरे सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने 8 विकेट से दिल्ली को शिकस्त दी।
अब तीसरे सीजन में एक बार फिर मुंबई इंडियंस ने 8 रनों से हराकर मेग लेनिंग का खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया। इस हार के बाद मेग लेनिंग बेहद भावुक नजर आईं। सोशल मीडिया पर उनकी आंखों में आंसू वाली तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें फिर टूटी
मुंबई इंडियंस ने वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 8 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। अपनी 44 गेंदों की पारी में उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए।
नेट सीवर ब्रंट ने भी 28 गेंदों पर 30 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर सिर्फ 141 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिए मेरिजन कैप ने 26 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि जेमिमा रॉड्रिग्स ने 21 गेंदों पर 30 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।