National Games: उत्तर प्रदेश के एथलीट ने भाला फेंक में नया रिकॉर्ड बनाकर जीता स्वर्ण, राजिंदर सिंह को पछाड़ा

Update: 2025-02-12 17:57 GMT

National Games: उत्तर प्रदेश के भाला फेंक एथलीट सचिन यादव ने देहरादून में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। 25 वर्षीय सचिन ने अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 84.39 मीटर की दूरी तय की। बता दें ऐसा करके उन्होंने नया रिकॉर्ड स्थापित किया। नीरज चोपड़ा और किशोर जेना जैसे खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में सचिन ने यह बेहतरीन थ्रो किया और स्वर्ण पदक हासिल किया।

सचिन यादव ने तोड़ा राजिंदर सिंह का रिकॉर्ड

सचिन यादव ने 2015 में राजिंदर सिंह द्वारा बनाए गए 82.23 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 84.39 मीटर की दूरी तय की। अब उनका थ्रो भारतीय एथलेटिक्स इतिहास में नीरज चोपड़ा (89.94 मीटर), किशोर जेना (87.54 मीटर), शिवपाल सिंह (86.23 मीटर) और देविंदर सिंह कांग (84.57 मीटर) के बाद पांचवां सर्वश्रेष्ठ है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के अन्य एथलीटों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। रोहित यादव ने 80.47 मीटर के साथ रजत पदक और विकास शर्मा ने 79.33 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

पूजा सिंह और सावन बेरवाल ने भी स्थापित किए नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड

सचिन यादव के अलावा हरियाणा की 18 वर्षीय ऊंची कूद एथलीट पूजा सिंह और हिमाचल प्रदेश के लंबी दूरी के धावक सावन बेरवाल ने भी राष्ट्रीय खेलों के अंतिम दिन नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीते। हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली पूजा ने 1.84 मीटर की कूद लगाकर 2023 सत्र में महिलाओं की ऊंची कूद का स्वर्ण पदक बरकरार रखा। पूजा का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1.85 मीटर है । बता दें यह राष्ट्रीय अंडर-20 रिकॉर्ड भी है।

सावन बेरवाल ने 13 मिनट 45.93 सेकेंड में पुरुष 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। वहीं सेना के जी लक्ष्मणन के 2015 में बनाए गए 13 मिनट 50.05 सेकेंड के राष्ट्रीय खेलों के रिकॉर्ड को तोड़ा। यह बेरवाल का इस खेलों में दूसरा स्वर्ण पदक था और दूसरा राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड भी। इससे पहले उन्होंने शनिवार को पुरुष 10,000 मीटर की स्पर्धा भी 28 मिनट 49.93 सेकेंड में जीतकर एक नया राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड स्थापित किया था।

Tags:    

Similar News