जून 2028 तक प्रदेश में होंगी 3 लाख सरकारी भर्ती!: पदोन्नति के बाद खाली पद पर अगले साल से शुरू होंगी भर्तियां

Bhopal: मध्य प्रदेश प्रदेश में अगले 3 साल के भीतर बड़ी संख्या में सरकारी भर्तियां होने जा रही हैं।;

Update: 2025-04-15 14:55 GMT
पदोन्नति के बाद खाली पद पर अगले साल से शुरू होंगी भर्तियां
  • whatsapp icon

भोपाल। प्रदेश में अगले 3 साल के भीतर बड़ी संख्या में सरकारी भर्तियां होने जा रही हैं। पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होने के बाद प्रदेश भर में खाली पदों पर भर्तियों की प्रक्रिया शुरू होगी। खास बात यह है कि विभागों में खाली पड़े पदों पर एक साथ भर्ती न होकर अलग-अलग चरणों में भर्तियां होंगी। संभवत: जून 2028 यानी अगले विधानसभा चुनाव से पहले करीब 3 लाख पदों पर भर्तियां की जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए भर्तियों का जो कैलेंडर जारी किया था, पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे फिर से अपडेट किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पिछले सप्ताह पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने के संकेत दिए थे। इसके बाद से सामान्य प्रशासन विभाग पदोन्नति का प्रस्ताव तैयार करने में जुटा है। कैबिनेट से प्रस्ताव पास होते ही, विभाग अपने स्तर पदोन्नति कर सकेंगे। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग पदोन्नति से खाली पद एवं पूर्व से खाली पदों पर भर्ती को लेकर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करेगा। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख संजय दुबे के अनुसार पदोन्नति का प्रस्ताव तैयार है। खाली पदों पर विभाग अपने स्तर पर भर्ती कर रहे हैं। पदोन्नति के बाद कितने पद खाली होंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

पदोन्नति के चलते भर्ती प्रक्रिया धीमी

यूं तो विभाग खाली पदों पर अपने स्तर पर भर्तियां करते रहते हैं, लेकिन निकट भविष्य में पदोन्नति की संभावना के चलते फिलहाल विभागों ने भर्ती प्रक्रिया को धीमा या रोक दिया है। पदोन्नति के बाद खाली पदों की संख्या के हिसाब से भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी या फिर नए सिरे से होगी।

इन विभागों में होंगी ज्यादा भर्तियां

मप्र सरकार सबसे ज्यादा भर्तियां शिक्षकों की करेगी। 2028 तक करीब 1 लाख शिक्षकों की भर्ती होगी। पुलिस में 21 हजार, वन विभाग में 4 हजार, राजस्व विभाग में 7 हजार, स्वास्थ्य विभाग में 50 हजार, नगरीय प्रशासन विभाग में 14 हजार भर्तियां होना प्रस्तावित हैं। खास बात यह है कि इनमें से नियमित, संविदा एवं अन्य माध्यम से भरे जाने वाली पद भी शामिल हैं।

तो सबसे ज्यादा नौकरी देने वाले मुख्यमंत्री होंगे मोहन

यदि पदोन्नति के बाद खाली होने वाले पदों पर सरकार ने समय से भर्तियां पूरी कर ली तो मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अपने पहले कार्यकाल में सबसे ज्यादा नौकरी देने वाले मुख्यमंत्री होंगे। क्योंकि पिछली किसी भी सरकार के कार्यकाल में इतनी ज्यादा संख्या में सरकारी भर्तियां नहीं हुई हैं।

Tags:    

Similar News