CM Mohan Yadav Bungalow: दिल्ली के लुटियंस में सीएम यादव का बंगला, जल्द होगा गृहप्रवेश, जानिए क्यों लिया ऐसा फैसला
CM Mohan Yadav Bungalow
CM Mohan Yadav Bungalow : भोपाल। मध्य प्रदेश। सीएम मोहन यादव का नया एड्रेस 14 अशोक रोड होने वाला है। बताया जा रहा है कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दिल्ली के लुटियंस में बंगला अलॉट हुआ है। इस बंगले में पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी रहती थी। मोहन यादव के लिए इस बंगले को तैयार करवाया जा रहा है। जल्द ही वे इस बंगले में गृह प्रवेश करेंगे।
जानकारी के अनुसार सीएम यादव द्वारा 14 अशोक रोड स्थित कोठी का निरिक्षण भी किया गया है। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सूत्रों की मानें तो सीएम यादव ने यह बंगला प्रवास से जुड़ी गोपनीयता बनाए रखने के लिए लिया है। इसी तरह असम सीएम हेमंत बिश्व शर्मा को भी दिल्ली के लुटियंस में बंगला अलॉट हुआ है।
इस बंगले को सीएम मोहन यादव की जरूरत के हिसाब से तैयार करवाया जा रहा है। तीन से चार महीने इस बंगले के रिनोवेशन में लग सकते हैं। इसके बाद शुभ मुहूर्त देख इस बंगले में गृह प्रवेश भी किया जाएगा। इसके पहले तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री दिल्ली प्रवास के दौरान चाणक्यपुरी स्थित मध्यप्रदेश भवन में ही ठहरते थे।
लंबे समय तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान जब कभी दिल्ली जाते थे तो वे मध्य प्रदेश भवन में ही ठहरा करते थे। उन्होंने कभी कोई बंगला अलॉट नहीं करवाया। कुछ समय के लिए मुख्यमंत्री रहे कमलनाथ मध्य प्रदेश भवन में नहीं ठहरते थे क्योंकि राजदूत मार्ग पर उनका खुद का घर है। गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह ने अपने कार्यकाल में दिल्ली के लोधी स्टेट में सरकारी आवास अलॉट करवाया था।
14 अशोक रोड बंगले पर पहले कौन रहता था :
बता दें कि, सीएम मोहन यादव को जो बंगला अलॉट हुआ है उसमें पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी रहतीं थीं। इस बंगले में ऐसी व्यवस्था की जा रही जिससे सीएम यहां काम भी कर सकें और उनके परिवार के लोग भी यहां रह सकें। यहां सीएम यादव के पड़ोसी गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार होंगे।