मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन: राष्ट्रीय खेलों में 51 पदकों के साथ रचा नया कीर्तिमान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई...

Update: 2025-02-10 10:12 GMT

National Games 2025: मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक 51 पदक जीत लिए हैं। इस उपलब्धि के साथ ही मध्यप्रदेश देश में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि, "मध्यप्रदेश अनेक योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है, और खेल भी इससे अछूते नहीं हैं। यह उपलब्धि प्रदेश के खेल विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।"

राष्ट्रीय खेलों में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में दमदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों की झड़ी लगा दी। इस सफलता से प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका असर राष्ट्रीय स्तर पर नजर आ रहा है। खिलाड़ियों की इस सफलता से प्रदेश में खेल संस्कृति को और बढ़ावा मिलेगा। 

शूटिंग में ऐश्वर्य को मिला रजत

ओलंपियन निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, जो पहले शानदार प्रदर्शन कर चुके थे, फाइनल में वही फॉर्म बरकरार नहीं रख सके और 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में रजत पदक हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण सेना के नीरज के नाम रहा, जबकि महाराष्ट्र के स्वप्निल ने कांस्य पदक जीता।

ताइक्वांडो में दो कांस्य पदक मप्र के नाम

ताइक्वांडो में मप्र के खिलाड़ियों ने भी दमखम दिखाया। महिला क्योरुगी अंडर-46 किग्रा में डाली मालवीय और पुरुष क्योरुगी अंडर-57 किग्रा में लक्ष्य शर्मा ने कांस्य पदक जीते। इसके अलावा, पुरुष क्योरुगी अंडर-57 किग्रा वर्ग में एक और मप्र खिलाड़ी फाइनल में पहुंचकर राज्य के लिए पदक पक्का कर चुके हैं।

बाक्सिंग में भी धमाल धमाल

पिथौरागढ़ में चल रही मुक्केबाजी स्पर्धा में भी मध्य प्रदेश के मुक्केबाजों का दबदबा देखने को मिला। महिला 54 किग्रा वर्ग में दिव्या पवार ने असम की अल्कोन को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, पुरुष 92 किग्रा वर्ग में पारस ने दिल्ली के सोहित को 5-0 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया। मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन ने खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ा दिया है

Tags:    

Similar News