MP News: सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनादर, पुलिस ने लिया एक्शन

Update: 2025-02-19 03:49 GMT

सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनादर

मध्य प्रदेश। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग अलग - अलग तरह से प्रयास करते हैं लेकिन कई बार फेमस होने की यह इच्छा लोगों पर भारी पड़ जाती है। ताजा मामला मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से सामने आया है। यहां दो लड़कियों ने सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनादर किया।

इन लड़कियों की रील वायरल होने पर पुलिस द्वारा दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों में से एक नाबालिग है। बताया जा रहा है कि, इन लड़कियों ने सोशल मीडिया पर एक रील पोस्ट की जिसमें ये लड़कियां वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं।

यह मामला अशोकनगर के मुंगावली थाना क्षेत्र का है। यहां बहादुरपुर रोड पर बाईपास के पास जेल तालाब के किनारे वीरांगना वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थापित है। लड़कियों ने सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए इस तरह की करतूत को अंजाम दिया हालांकि पुलिस मामले में एक्शन लेते हुए दोनों को हिरासत में भी लिया है।

सोशल मीडिया पर जब लड़कियों की रील वायरल हुई तो लोगों ने थाने में मामला दर्ज कराया। इसके बाद लड़कियों की पहचान कर पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया। इन लड़कियों के माता - पिता पुलिस से माफी मांगते रहे हालांकि पुलिस द्वारा दोनों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के पालन से एक्शन लिया जा रहा है।

बता दें कि, वीरांगना अवंती बाई लोधी एक महान स्वतंत्रता सेनानी थीं, जिन्होंने 1857 के भारतीय विद्रोह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जन्म 16 अगस्त 1831 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में हुआ था। अवंती बाई लोधी ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अपने राज्य रामगढ़ की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। उन्होंने अपने सैनिकों के साथ मिलकर कई लड़ाइयाँ लड़ी और अंग्रेजों को पराजित किया था।

Tags:    

Similar News