विद्या भारती प्रशिक्षण शिविर: RSS प्रमुख मोहन भागवत ने किया उद्घाटन, कहा - संघ केवल शाखा संचालन तक सीमित नहीं
विद्या भारती प्रशिक्षण शिविर
Five Day Vidya Bharati Training Camp भोपाल, मध्य प्रदेश। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत (RSS chief Mohan Bhagwat) ने भोपाल में पांच दिवसीय विद्या भारती प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया, जिसमें 700 पूर्णकालिक कार्यकर्ता शामिल हुए। 8 मार्च के समापन सत्र में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सीएम मोहन यादव और आरएसएस सलाहकार सुरेश सोनी शामिल होंगे।
संघ केवल शाखा संचालन तक सीमित नहीं :
अपने संबोधन में सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि, "विद्या भारती केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का एक अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि संघ केवल शाखा संचालन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज परिवर्तन की दिशा में कार्य कर रहा है।"
"विश्व में हो रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक बदलावों को भारत की सनातन परंपरा के आलोक में दिशा देने की आवश्यकता है। आज जब वैश्विक परिदृश्य में कई विकृतियां उभर रही हैं, तब भारत ही वह ध्रुव तारा है जो सही दिशा प्रदान कर सकता है। इसके लिए समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास हेतु भारतीय परंपराओं पर आधारित शिक्षा, संस्कृति और नीति निर्माण को बढ़ावा देना आवश्यक है।"
संघ का व्यापक प्रभाव:
उन्होंने उल्लेख किया कि विद्या भारती द्वारा किए जा रहे कार्यों का वैश्विक स्तर पर प्रभाव देखा जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भी इसकी व्यापकता को स्वीकार किया है। यह प्रमाणित करता है कि संघ और उसके सहयोगी संगठनों का कार्य केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वैश्विक महत्व भी है।
समाज जागरण की आवश्यकता:
मोहन भागवत ने कहा कि, आज समाज में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मानवता, करुणा और सत्य जैसे मूलभूत सिद्धांतों पर आधारित समाज का निर्माण करना चाहिए। आने वाले समय में भारत को एक आदर्श समाज मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना होगा, जो संपूर्ण विश्व को शांति और समरसता की ओर ले जाने में सक्षम हो।
संघ कार्यकर्ताओं से आह्वान:
सरसंघचालक ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने विचार और कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य करें। उन्होंने पंच परिवर्तन, विमर्श परिवर्तन, और सज्जन शक्ति जागरण को संघ के आगामी कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
आरएसएस कार्यकर्ताओं का पूर्णकालिक महाकुंभ :
विद्या भारती प्रशिक्षण शिविर को आरएसएस कार्यकर्ताओं का पूर्णकालिक महाकुंभ बताया जा रहा है। इस शिविर में आरएसएस कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरस्वती वंदना से सरसंघचालक मोहन भागवत ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। भोपाल के शारदा विहार, आवासीय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मोहन भागवत इस कार्यक्रम में संघ के कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
पांच दिवसीय इस शिविर में 22 अलग - अलग सत्र आयोजित होंगे। नई शिक्षा नीति को लेकर इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। करीब 10 साल के बाद भोपाल में यह शिविर लगाया गया है। शिविर के बाहर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। 5 किलोमीटर क्षेत्र में भारी सुरक्षा बल तैनात है।
शिविर में अलग - अलग तरह की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। शिविर में पूर्ण कालिक कार्यकर्ताओं को नवीन तकनीक के साथ सामंजस्य बैठाना और एआई जैसी तकनीकों पर चर्चा की जाएगी।