MP Viral video: मुरैना में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद, पुलिस को घेर लाठियों से पीटा, कांग्रेस बोली - सत्ता के संरक्षण से प्रदेश छलनी
MP Viral video
MP Viral video : मध्य प्रदेश। मुरैना में रेत माफियाओं का पुलिस पीटते हुए एक वीडियो सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बताया जा रहा है कि, मध्य प्रदेश - राजस्थान की सीमा पर धौलपुर के सगरपाडे गांव में यह घटना हुई है। इसे लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
मध्य प्रदेश का कहना है कि, "रेत माफियाओं के हौंसले कितने बुलंद है कि पुलिस की घेराबंदी और लाठियों के बीच से भी मुरैना में अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर ले भागे। खनिज माफियाओं को मिलने वाले सत्ता के संरक्षण से प्रदेश छलनी हो रहा है! मोहन सरकार की ढिलाई से अवैध खनन चरम पर है।"
जानकारी के अनुसार, रेत माफियाओं ने पुलिस वालों को पहले घेरा फिर उन्हें लाठियों से पीटा इसके बाद माफिया अवैध रेत से भरी ट्रॉली लेकर फरार हो गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि, कुछ पुलिस कर्मी अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को रोकने का प्रयास करते हैं लेकिन माफिया ट्रॉली लेकर मध्य प्रदेश की ओर भाग आते हैं।
जिन पुलिस कर्मियों की पिटाई हुई वे राजस्थान के हैं। प्रतिबंधित क्षेत्र से रेत ले जा रहे माफियाओं को जब राजस्थान पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वे ट्रॉली लेकर भागने लगे। आरोपी पुलिस को पीटकर ट्रॉली लेकर भागने में सफल रहे।
इस घटना के बाद एनएच 44 पर लंबा जाम लग गया। एक यात्री द्वारा इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया गया है। इस मामले पर पुलिस ने क्या एक्शन लिया है यह अभी साफ नहीं हुआ है हालांकि रेत माफियाओं की ऐसी करतूत प्रशासन के लिए चिंता का विषय है।