बहराइच: तेंदुए ने घर में घुसकर वृद्ध महिला पर किया हमला, पैर नोच कर किया लहूलुहान…

ग्रामीणों के हाका लगाने पर जंगल की ओर गया तेंदुआ, घटना से ग्रामीणों में दहशत के साथ आक्रोश। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि शाम तक पिंजरा नहीं लगा तो जाम करेंगे सुजौली-बहराइच मार्ग।

Update: 2024-10-02 11:40 GMT

बहराइच में तेंदुए ने रात में कतर्निया घाट क्षेत्र में स्थित एक घर में घुसकर बारामदे में सो रही वृद्ध महिला पर हमला कर उसका पैर नोच कर लहूलुहान कर दिया। महिला के चीखने पर परिवार के लोग दौड़े, ग्रामीणों ने भी हाका लगाया। ग्रामीणों के हाका लगाने पर तेंदुआ महिला को छोड़ जंगल की ओर चला गया। तेंदुआ के हमले की घटना से ग्रामीणों में दहशत के साथ आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर पिंजरा नहीं लगा तो सुजौली-बहराइच मार्ग जाम कर अपनी सुरक्षा को लेकर आंदोलन शुरू करेंगे।

आपको बताते चलें की तराई में मौसम परिवर्तन के साथ ही जंगल से सटे इलाकों में तेंदुए के हमले बढ़ने लगे हैं। जनपद बहराइच के कतर्नियाघाट वन क्षेत्र अंतर्गत सुजौली रेंज के ग्राम सुजौली के अयोध्या पुरवा गांव में बीती रात करीब 11: 30 बजे तेंदुए ने दस्तक दे दी।

तेंदुआ गांव निवासी रहीम शाह के घर में दीवार फांद कर घुस गया। तेन्दुए ने बरामदे में सो रही वृद्ध महिला 80 वर्षीय रहमाना पर हमला कर दिया। महिला के चींखने पर परिवार के लोग शोर मचाते हुए दौड़े। सभी के हाका लगाने पर तेंदुआ महिला को छोड़कर गन्ने के खेत में घुसकर जंगल की ओर चला गया। तेंदुए के हमले में महिला के पैर में जख्म हुआ है। जिसका इलाज सीएचसी मोतीपुर में चल रहा है। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी है लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नही पहुचा।

यह तेंदुआ का चौथा हमला

गांव निवासी सूबेदार ने बताया कि इसके पहले भी तेंदुआ हमला कर चुका है, यह चौथा हमला है। वन विभाग को सूचना दी जाती है, विभाग के कर्मचारी आकर आश्वासन देते हैं इसके बाद गायब हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग सुरक्षा के कोई उपाय नहीं कर रहा है।

गांव में पिंजरा नहीं लगा तो सड़क जाम कर करेंगे प्रदर्शन

तेंदुए द्वारा रात में घर में घुसकर महिला पर हमला करने के बाद अयोध्या पुरवा गांव निवासी ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने खुले शब्दों में चेतावनी दी है कि लगातार हमले हो रहे हैं लेकिन वन विभाग चुप्पी साधे हुए है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर शाम तक सुरक्षा के उपाय न किए गए और गांव के बाहर पिंजरा ना लगाया गया तो सुजौली मुख्य मार्ग जामकर आवागमन बाधित कर देंगे। 

Tags:    

Similar News