Maha Kumbh 2025: बसंत पंचमी पर संगम में श्रद्धालुओं की भीड़, 33 करोड़ से अधिक लोगों ने लगाई पवित्र डुबकी
Maha Kumbh 2025 : उत्तरप्रदेश। आज 2 फरवरी को सुबह 8 बजे तक 41.90 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अनुसार 1 फरवरी तक 33.61 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। बसंत पंचमी पर भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दिन हुई भगदड़ के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में है। शहर में क्राउड कंट्रोल के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
बसंत पंचमी से पहले ही 1 फरवरी को 2.15 करोड़ से अधिक लोगों ने संगम में स्नान किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में अमृत स्नान पर्व 'बसंत पंचमी' की तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को 'जीरो एरर' रखने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने 1 फरवरी को बताया था कि, "हमारी सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता के संवाहक 'महाकुम्भ 2025, प्रयागराज' में 2.15 करोड़ से अधिक और अब तक 33.61 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पावन त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाने का सौभाग्य प्राप्त किया है। संगम के पवित्र जल में पावन स्नान का पुण्य प्राप्त करने वाले पूज्य साधु-संतों, 10 लाख कल्पवासियों एवं 2.05 करोड़ श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन।"