अटारी ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास की केन्द्र सरकार में सराहना...

उत्तर प्रदेश से एकमात्र महिला प्रधान के तौर पर केंद्रीय पंचायती राज मंत्री ने दिया सम्मान, दिल्ली के स्वतंत्रता दिवस समारोह में ग्राम प्रधान संयोगिता सिंह चौहान बनीं विशिष्ट अतिथि। माल ब्लॉक के प्रधान संघ की अध्यक्ष के अभिनव प्रयास को मिली अखिल भारतीय सराहना।

Update: 2024-08-16 15:23 GMT

लखनऊ। दिल्ली दरबार में इस बार के स्वतंत्रता दिवस पर लखनऊ की अटारी ग्राम पंचायत की धमक महसूस की गई। पंचायत डिजिटलीकरण के लिए ग्राम प्रधान संयोगिता सिंह चौहान को विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित कर उनके काम को सराहा गया। माल ब्लॉक की प्रधान संघ की अध्यक्ष श्रीमती चौहान को दिल्ली के मंच से उनके अभिनव प्रयास के लिए अखिल भारतीय स्तर पर सराहना मिली है। इस दौरान केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह एवं केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री डॉ.एसपी सिंह बघेल ने श्रीमती चौहान को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सचिवालय स्थापित करने और पंचायत के डिजिटलीकरण के लिए शाबाशी दी।


दिल्ली से सम्मानित होकर लखनऊ लौटीं संयोगिता सिंह चौहान ने 'स्वदेश' को बताया कि महिला प्रधान भी गांवों के विकास के लिए संकल्पित हैं। पंचायत में अब महिला प्रधान बढ़चढ़कर हिस्सेदारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अटारी के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी। प्रबंधन डिग्रीधारी संयोगिता सिंह चौहान स्वच्छता और विकसित ग्राम पंचायत बनाने की मुहिम में जुटी हैं। पंचायती राज मंत्रालय की डॉ.अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में हुई कार्यशाला में उन्हें विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया। वह उत्तर प्रदेश से एकमात्र महिला प्रधान के तौर पर आमंत्रित थीं। उन्हें पैनालिस्ट के तौर पर बोलने का मौका मिला। 'स्थानीय स्वशासन में महिला नेतृत्व' पर केंद्रीय पंचायती राज सचिव विवेक भारद्वाज, विशेष सचिव चंद्रशेखर कुमार एवं किरण बेदी भी मंच पर थे। केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह एवं केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ.एसपी सिंह बघेल ने संयोगिता सिंह चौहान को पुरस्कृत किया। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि महिला सरपंचों का सम्मान बेहद आवश्यक है। संयोगिता को केंद्र सरकार के डिनर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया जो नारी शक्ति के सम्मान का उदाहरण है।

जनता की सेवा ही पुरस्कार:

दिल्ली से लखनऊ लौटीं अटारी की प्रधान संयोगिता सिंह चौहान ने बताया कि हम नारी शक्ति को बढावा देते हैं। बेटियां शिक्षित एवं सशक्त होकर अच्छी दिशा में कदम बढ़ाएं, यही उनका सपना है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार अटारी की देवतुल्य जनता का है। जनता की सेवा महत्वपूर्ण कर्तव्य है। पंचायत को स्वच्छ, हरा-भरा और विकसित करना उनका लक्ष्य भी है और दायित्व भी। प्रधान संघ अध्यक्ष संयोगिता सिंह चौहान को मिले इस खास सम्मान से सभी क्षेत्रवासियों के चेहरे पर खुशी की लहर है।

Tags:    

Similar News