टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी, स्थानीय लोग परेशान: भरत कुंड और रोनाही टोल प्लाजा पर बढ़ रही बदसलूकी और जबरन वसूली की घटनाएं…

अयोध्या। भरतकुंड और रोनाही टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहन चालकों के साथ दादागिरी और जबरन वसूली की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। गुंडों की भारी मौजूदगी के कारण सीधे-साधे वाहन चालकों को बार-बार परेशान किया जा रहा है।
टोल कर्मियों की मनमानी, दो-दो बार वसूला गया शुल्क : 31 मार्च को भरतकुंड टोल प्लाजा पर कैंट थाना क्षेत्र के गद्दोपुर निवासी एक व्यक्ति से जबरन दो बार टोल वसूला गया। मोबाइल पर तुरंत मैसेज न आने की स्थिति में उसे धमकाया गया और जब मैसेज आने के बाद प्रमाण दिखाया तो पैसे लौटाने से इनकार कर दिया गया।
रौनाही टोल प्लाजा पर मारपीट, वीडियो हुआ वायरल : रौनाही टोल प्लाजा पर भी दो दिन पहले एक निजी गाड़ी चालक के साथ मारपीट की गई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां : जीएनएसएस के नियमों के अनुसार, स्थानीय निजी वाहन मालिकों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर 20 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए टोल-मुक्त सुविधा दी जानी चाहिए। लेकिन टोल प्लाजा कर्मी इस नियम की अनदेखी कर जबरन वसूली कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इन घटनाओं पर संज्ञान लेने और टोल प्लाजा पर हो रही गुंडागर्दी को रोकने की मांग की है।