स्कूल चलें हम अभियान 2025: सीएम राइज स्कूल अब सांदीपनि विद्यालय, CM मोहन यादव ने बदला नाम, शिवराज सिंह चौहान ने की थी शुरुआत

सीएम राइज अब सांदीपनि स्कूल, CM मोहन यादव ने बदला नाम
भोपाल। स्कूल चलें हम अभियान 2025 के तहत 'राज्य-स्तरीय प्रवेशोत्सव' पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने सीएम राइज स्कूल (CM Rise School) का नाम बदल दिया है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि, 'अंग्रेज तो चले गए...सीएम राइज स्कूल नाम खटकता है। इसका नाम बदलने की इच्छा है। अब से सीएम राइज स्कुल नहीं होगा यह अब सांदीपनि स्कूल (Sandipani School) कहलाएंगे।'
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज 'स्कूल चलें हम' अभियान 2025 के तहत 'राज्य-स्तरीय प्रवेशोत्सव' का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ शिक्षा मंत्री भी मौजूद रहे। शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरेरा कॉलोनी (ओल्ड कैंपियन) में राज्य-स्तरीय प्रवेशोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा - "आज बहुत खास दिन है क्योंकि स्कूल चलो अभियान की शुरुआत हुई है। मध्यप्रदेश की इस धरती पर ऐसे कई उदहारण है जिनसे हमें अतीत का अध्ययन करने की आवश्यकता महसूस होती है। भगवान कृष्ण ने कंस को मारा यह सबको याद है लेकिन स्कूल चलो अभियान की शुरआत भी 5 हजार साल पहले ही हो गई थी। उन्होंने कंस के कुशासन का अंत किया।"
"शिक्षा की महत्ता के आधार पर यह तय हुआ कि, श्री कृष्ण को शिक्षा के लिए आश्रम भेजना चाहिए। उन्हें उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में शिक्षा के लिए भेजा गया। इसी आश्रम में वे सुदामा से मिलें। मुझे पता है आज के प्राइवेट स्कूल बहुत अच्छे हैं लेकिन सरकारी स्कूल भी कम नहीं है। मैं खुद सरकारी स्कूल में पढ़ा। इससे किसी की प्रतिभा पर कोई फर्क नहीं पड़ता।"
"प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे अच्छे नेताओं में से हैं। वे गरीबी और अभावों में जिए। हमारे लिए वे उदहारण हैं। अब्दुल कलाम, राजेंद्र प्रसाद, लाला बहादुर शास्त्री ऐसे कई उदहारण है हमारे सामने।"
"एमपी बोर्ड में इस साल 12 वीं पास जिन्होंने 75 से अधिक प्रतिशत लाए, ऐसे 90 हजार विद्यार्थी हैं। उन्हें लैपटॉप भी दिया गया। सरकार ने इसके लिए 224 करोड़ रुपए की राशि दी। बच्चों को स्कूटी देने का कार्यक्रम भी हमने शुरू किया है। 12 वीं में टॉप करने वाले 7832 विद्यार्थियों को स्कूटी दी है। 4 लाख 75 हजार विद्यार्थियों को साईकिल भी दी गई है।"
शिवराज सिंह चौहान ने की थी शुरुआत :
सीएम राइज स्कूल की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई थी। 274 सीएम राइज स्कूल में फ़िलहाल 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थी पढ़ते हैं। इन विद्यालयों में शिक्षक 7500 से अधिक शिक्षक है। आगामी 10 वर्षों में मध्यप्रदेश में 9,200 सीएम राइज स्कूल प्रारंभ करने का कार्यक्रम तय किया गया था।