CG Nikay Chunav Result: छत्तीसगढ़ में चलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार, विकास को मिलेगी नई रफ्तार - मुख्यमंत्री साय

छत्तीसगढ़ में चलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार, विकास को मिलेगी नई रफ्तार - मुख्यमंत्री साय
X

CG Nikay Chunav Result : छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य में अब ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी। नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इससे स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की जनता ने राज्य सरकार के सुशासन और विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 महीनों के कार्यकाल में ही प्रदेश में विकास की रफ्तार बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि जनता ने हमारे 13 महीनों के सुशासन को सराहा है, 'मोदी की गारंटी' की तरह ही 'अटल विश्वास पत्र' पर भी जनता ने विश्वास जताया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था।

निकायों में अब दिखेगा बदलाव :

मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब निकायों में भी बदलाव दिखेगा, विकास होगा, जनता की तरक्की हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। हम छत्तीसगढ़ के हर नगर, हर गांव को विकास के नए आयाम तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि आगे पंचायत चुनावों में भी ऐतिहासिक जीत की तैयारी है।

भूपेश बघेल के खुद के क्षेत्र में पार्टी को करारी हार :

मुख्यमंत्री साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें महासचिव बनाकर सम्मान दिया, लेकिन उनके अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें धन्यवाद कुछ अलग अंदाज में दिया- तीनों नगरीय निकायों में कांग्रेस को बुरी तरह हराकर! उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस ने भूपेश बघेल को राष्ट्रीय महासचिव बनाया, लेकिन आज उनके खुद के विधानसभा क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया। तीनों-दो नगर पंचायत और एक नगर पालिका में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। यही जनता का असली जवाब है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिणाम कांग्रेस के खोखले दावों और झूठी राजनीति का सबूत है। जनता ने कांग्रेस की गलत नीतियों को पूरी तरह अस्वीकार कर दिया है।

Tags

Next Story