CG News: प्रदेशभर में वक्फ संपत्तियों का होगा सर्वेक्षण, 7 दिन में मांगी जानकारी

प्रदेशभर में वक्फ संपत्तियों का होगा सर्वेक्षण, 7 दिन में मांगी जानकारी
X

रायपुर। मुतवल्लियों और इंतजामिया कमेटियों को अपनी संपत्तियों की विस्तृत जानकारी वक्फ बोर्ड को 7 दिनों के भीतर प्रस्तुत करनी होगी। इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वक्फ संपत्तियों का उचित प्रबंधन हो सके और मुस्लिम समाज के जरूरतमंद वर्गों को अधिकतम लाभ मिल सके।

इस सर्वेक्षण में मस्जिद, मदरसा, दरगाह, कब्रिस्तान, ईदगाह, खानकाह, इमामबाड़ा, ताजिया चौकी, मकान, दुकान, कृषि भूमि, विद्यालय, प्लॉट तथा वक्फ अलल औलाद संपत्तियां शामिल की जाएंगी। मुतवल्लियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे मस्जिदों में शुक्रवार की नमाज के बाद इस विषय में घोषणा करें, ताकि समुदाय के अन्य लोग भी यदि किसी संपत्ति के बारे में जानकारी रखते हैं, तो उसे वक्फ बोर्ड तक पहुंचा सकें।

वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बताया कि यह सर्वेक्षण इसलिए आवश्यक है क्योंकि, कई मुतवल्लियों ने वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग किया है। कुछ संपत्तियों की जानकारी सही ढंग से नहीं दी गई और कुछ संपत्तियों को निजी संपत्ति की तरह उपयोग किया गया है। ऐसे मामलों में कई मुतवल्लियों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। इस पहल से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि जरूरतमंद समुदायों को लाभ भी होगा।

यदि कोई मुतवल्ली संपत्तियों की जानकारी छिपाने का प्रयास करता है, तो उसे सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, जिसमें संपत्ति को शत्रु संपत्ति घोषित कर राजसात करने की कार्रवाई भी शामिल होगी। इस प्रकार, वक्फ संपत्तियों का यह सर्वेक्षण छत्तीसगढ़ में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मुस्लिम समाज के हितों की रक्षा करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

Tags

Next Story