Raipur News: मुख्य सचिव अमिताभ जैन की सख्ती, सड़कों पर जन्मदिन मनाने वालों की अब खैर नहीं

- - सार्वजनिक यातायात को बाधित करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश
- - किसी भी आयोजन के लिए सड़क पर पंडाल लगाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
- - नियमित निगरानी के साथ ही लोगों को जागरुक करने अभियान चलाने पर दिया जोर
Chief Secretary Amitabh Jain : रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने शुक्रवार को उच्च स्तरीय बैठक के दौरान सार्वजनिक मार्गों पर अवैध आयोजनों और सड़कों पर जन्मदिन मनाने जैसी गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कें केवल यातायात के लिए हैं, न कि निजी आयोजनों के लिए। बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे किसी भी अवैध आयोजन को तुरंत रोके और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें।
मुख्य सचिव ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति यदि सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध करता है, तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने एंटी-एन्क्रोचमेंट एक्ट, मोटर वीकल एक्ट और अन्य संबंधित अधिनियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को आदेश दिया कि वे किसी भी अवैध आयोजन पर कड़ी निगरानी रखें और उसे रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। इससे नागरिकों को यह स्पष्ट संदेश मिलेगा कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध आयोजन पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं। यदि इस प्रकार की घटनाएं फिर से घटित होती हैं, तो संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
मुख्य सचिव जैन ने इस संबंध में एसओपी तैयार करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए, ताकि इन घटनाओं पर प्रभावी तरीके से रोकथाम की जा सके। इसके अलावा, उन्होंने विशेष सतर्कता दल (विजिलेंस टीम) गठित करने का सुझाव दिया, जो इन घटनाओं पर नजर रखे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में यह निर्णय लिया गया कि सार्वजनिक सड़कों पर होने वाली ऐसी अवांछित गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि सड़कें सिर्फ यातायात के लिए हैं, और यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक सड़कों पर निजी आयोजनों जैसे जन्मदिन, पार्टियां या अन्य कोई कार्यक्रम आयोजित करता है, तो इसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें शामिल वाहनों की जब्ती और आयोजकों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस निर्देश से यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में अब सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार के अवैध आयोजन और सार्वजनिक यातायात को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा।